देश

ईरान-इजरायल में जारी रहेगा 'ऑपरेशन सिंधू', 14 फ्लाइटों से 3400 से ज्यादा भारतीयों की हुई वतन वापसी; MEA ने दी एक-एक जानकारी

Operation Sindhu: भारत ने ईरान-इजरायल संघर्ष के बाद ‘ऑपरेशन सिंधू’ के तहत ईरान से अब तक 14 उड़ानों के जरिये 3400 से अधिक भारतीयों को निकाला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने 18 जून को ऑपरेशन सिंधू शुरू किया था। ईरान में भारतीय समुदाय के करीब 10,000 लोग हैं।

Image

ईरान से भारतीयों की सकुशल वतन वापसी (फोटो साभार: @MEAIndia)

Photo : Twitter

Operation Sindhu: भारत ने ईरान-इजरायल संघर्ष के बाद ‘ऑपरेशन सिंधू’ के तहत ईरान से अब तक 14 उड़ानों के जरिये 3400 से अधिक भारतीयों को निकाला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक प्रेसवार्ता में ‘ऑपरेशन सिंधू’ के बारे में पूछे गए प्रश्नों के जबाब में यह भी कहा कि नयी दिल्ली जमीनी स्तर पर स्थिति का आकलन कर रही है और इसके आधार पर निर्णय लिया जाएगा कि अभियान को जारी रखा जाए या नहीं।

MEA ने क्या कुछ कहा?

जायसवाल से पूछा गया कि क्या ईरान-इजरायल युद्धविराम के बाद भारत ‘ऑपरेशन सिंधू’ जारी रखेगा और अब तक दोनों देशों से निकाले गए कुल भारतीय नागरिकों की संख्या क्या है? प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमने 18 जून को ऑपरेशन सिंधू शुरू किया था। ईरान में भारतीय समुदाय के करीब 10,000 लोग हैं और इजरायल में करीब 40,000 भारतीय नागरिक हैं।’’

पड़ोसियों को भी ईरान से निकाला

उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि ईरान से हमने अब तक 3,426 भारतीय नागरिकों, 11 ओसीआई (भारत के प्रवासी नागरिक) कार्डधारकों, नौ नेपाली नागरिकों और कुछ श्रीलंका के नागरिकों को निकाला है। उन्होंने बताया कि एक ईरानी महिला को भी निकाला गया है, जो एक भारतीय नागरिक की पत्नी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमने ईरान से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए कुल 14 उड़ानें संचालित कीं।’’

Operation Sindhu

ऑपरेशन सिंधू (फोटो साभार: @MEAIndia)

इससे पहले दिन में, विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान से 272 भारतीय और तीन नेपाली नागरिकों को लेकर एक विशेष विमान ईरानी शहर मशहद से 25-26 जून की दरमियानी रात को दिल्ली पहुंचा। भारत ने बुधवार को ईरान से 296 भारतीय नागरिकों और चार नेपाली नागरिकों को निकाला था। भारत ने मंगलवार को ईरान और इजरायल से 1,100 से अधिक नागरिकों को निकाला था।

उसने इजरायल से 594 भारतीयों की स्वदेश वापसी कराई जिनमें से 400 से अधिक के लिए भारतीय वायु सेना के सी-17 हेवी-लिफ्ट विमान का उपयोग किया गया। साथ ही, 161 भारतीयों को अम्मान से एक चार्टर्ड उड़ान में वापस लाया गया। वे सड़क मार्ग से इजरायल से जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे थे।

ईरान-इजरायल ने एक-दूसरे पर बरसाईं मिसाइलें

विदेश मंत्रालय द्वारा साझा किए गए विवरणों के अनुसार, मंगलवार को दो चार्टर्ड उड़ानों में कुल 573 भारतीयों, तीन श्रीलंकाई और दो नेपाली नागरिकों को ईरान से निकाला गया। इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के शहरों और सैन्य तथा रणनीतिक ठिकानों पर सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दागे थे। भारत ने 18 जून से ईरानी शहर मशहद, आर्मेनिया की राजधानी येरेवन और तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात से संचालित चार्टर्ड उड़ानों के जरिए अपने नागरिकों को निकाला है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article