US Iran Tension: ईरान के परमाणु स्थलों पर बमबारी करने वाला अमेरिका अब अगले सप्ताह तेहरान के साथ बातचीत करने वाला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के अधिकारी अगले सप्ताह बातचीत करेंगे, जिससे इजराइल और तेहरान के बीच हालिया संघर्ष के कारण बाधित हुई वार्ता बहाल होगी।
ट्रंप ने क्या कुछ कहा?
नीदरलैंड में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान प्रेस वार्ता में ट्रंप ने कहा कि मैं आपको बता दूं कि हम अगले सप्ताह ईरान के साथ बातचीत करने जा रहे हैं। हम किसी समझौते पर हस्ताक्षर भी कर सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि उन्हें ईरान के साथ बातचीत फिर से शुरू करने में कोई खास दिलचस्पी नहीं है।उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिकी हमलों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मैं इसे देखता हूं, वे लड़े, युद्ध समाप्त हो गया है।
अमेरिकी हमलों में तबाह हुए परमाणु स्थल
इससे पहले ईरान ने स्वीकारा कि अमेरिकी बमबारी में हमारे परमाणु स्थल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने पुष्टि की थी कि वीकेंड में हुए अमेरिकी हमलों से देश के परमाणु स्थल 'बुरी तरह से क्षतिग्रस्त' हुए हैं। 'अल जजीरा' से बात करते हुए बाघेई ने यह बयान दिया। हालांकि, उन्होंने विस्तार से बताने से इनकार कर दिया।
बाघेई ने स्वीकार किया कि रविवार को अमेरिकी बी-2 बमवर्षकों द्वारा बंकर-बस्टर बम गिराए जाने से काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारे परमाणु प्रतिष्ठानों को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है।
