देश

महुआ मोइत्रा के खिलाफ एथिक्स कमेटी ने रिपोर्ट स्वीकारी, लोकसभा से निष्कासित करने की सिफारिश!

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 9, 2023, 05:14 PM IST

लोकसभा आचार समिति के छह सदस्यों ने तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ पैसे लेकर सवाल पूछने के आरोप पर रिपोर्ट का समर्थन किया, चार ने इसका विरोध किया...

Image

महुआ मोइत्रा

Photo : PTI

Mahua Moitra: लोकसभा की आचार समिति ने तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ पैसे लेकर सवाल पूछने के आरोपों पर रिपोर्ट स्वीकार कर ली है। समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार सोनकर ने इसकी जानकारी दी। सोनकर ने कहा कि लोकसभा आचार समिति के छह सदस्यों ने तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ पैसे लेकर सवाल पूछने के आरोप पर रिपोर्ट का समर्थन किया, चार सदस्यों ने इसका विरोध किया

लोकसभा से निष्कासित करने की सिफारिश

सूत्रों का कहना है कि आचार समिति ने तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित करने की सिफारिश की है। महुआ मोइत्रा के निष्कासन की सिफारिश करने वाली लोकसभा आचार समिति की मसौदा रिपोर्ट को चार विपक्षी सदस्यों ने पूर्वाग्रह से ग्रसित और गलत बताया।

अब तक क्या-क्या हुआ

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मोइत्रा के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने महुआ पर उपहार के बदले व्यवसायी दर्शन हीरानंदानी के इशारे पर अदानी समूह को निशाना बनाने के लिए लोकसभा में सवाल पूछने का आरोप लगाया था।

इस 15 सदस्यीय आचार समिति में भाजपा के सात, कांग्रेस के तीन और बसपा, शिवसेना, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और जनता दल के एक-एक सदस्य शामिल हैं।

  • दो नवंबर को समिति की बैठक में मौजूद सभी पांच विपक्षी सदस्य यह आरोप लगाते हुए बैठक से बाहर चले गए थे कि सोनकर ने मोइत्रा की यात्रा, होटल में ठहरने और टेलीफोन पर बात करने के संबंध में उनसे व्यक्तिगत एवं अशोभनीय प्रश्न पूछे थे।
  • मोइत्रा ने बैठक के बाद आरोप लगाया था कि उनका एक तरह से वस्त्रहरण किया गया। समिति के अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों के दावों को खारिज करते हुए कहा था कि यह सब तृणमूल कांग्रेस की सांसद को बचाने के लिए किया गया।
  • भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने मोइत्रा पर रिश्वत के बदले कारोबारी दर्शन हीरानंदानी के इशारे पर अदानी समूह को निशाना बनाने के लिए लोकसभा में सवाल पूछने का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि वह हीरानंदानी ही थे, जिन्होंने मोइत्रा के सांसद वाले लॉगिन का इस्तेमाल विभिन्न स्थानों, ज्यादातर दुबई से प्रश्न दर्ज करने के लिए किया था।
  • मोइत्रा ने स्वीकार किया है कि हीरानंदानी ने उनके लॉगिन का उपयोग किया। हालांकि, उन्होंने किसी तरह के आर्थिक लाभ हासिल करने के आरोप खारिज किए हैं। टीएमसी सांसद का कहना है कि अधिकतर सांसद अपने लॉगिन का विवरण दूसरों के साथ साझा करते हैं।

इन सदस्यों ने दिया असहमति नोट

कांग्रेस सूत्रों ने कहा था कि इसके सदस्य एन उत्तम कुमार रेड्डी और वी वैथिलिंगम असहमति नोट सौंपेंगे। कांग्रेस कोटे से समिति की तीसरी सदस्य परनीत कौर हैं, जो पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पत्नी हैं, उन्होंने भी असहमति नोट दिया है। अमरिंदर सिंह कांग्रेस छोड़ चुके हैं। कहा जा रहा है कि बसपा सदस्य कुंवर दानिश अली भी अपना असहमति नोट दिया है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें