देश

Kolkata SIR: रेड लाइट एरिया में इस दिन लगेगा खास SIR कैंप; सेक्स वर्कर्स की वोटर लिस्ट संबंधी समस्याएं होंगी दूर

चुनाव आयोग आगामी दो और तीन दिसंबर को कोलकाता के रेड लाइट इलाकों में विशेष कैंप लगाएगा। उसके इस कदम का उद्देश्य इन इलाकों में रहने वाली सेक्स वर्कर्स की वोटर लिस्ट संशोधन से जुड़ी परेशानियों को दूर करना है। चुनाव आयोग यह कदम तब उठाने जा रहा है जबकि सूबे की सीएम ममता बनर्जी एसआईआर को लेकर केंद्र और चुनाव आयोग का भारी विरोध कर रही हैं।

Image

सांकेतिक तस्वीर | PTI

Photo : PTI

पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर सीएम ममता बनर्जी के भारी विरोध के बीच चुनाव आयोग एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। आयोग ने कोलकाता के रेड लाइट इलाकों में वोटर लिस्ट के विशेष संशोधन (SIR) के दौरान आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए यहां विशेष कैंप लगाने का निर्णय लिया है। ये कैंप आगामी दो और तीन दिसंबर को लगाए जाएंगे। आयोग ने सोना गाची, किद्दरपोर, कालिघाट, बोवबाजार समेत कई रेड लाइट इलाकों में सेक्स वर्कर्स की शिकायतों के बाद उन्हें मौके पर ही सहायता देने के लिए यह पहल की है।

सामाजिक संगठनों ने की थी समस्याओं की शिकायत

दरअसल, तीन संगठनों जिनमें सोसाइटी ऑफ ह्यूमन डेवलपमेंट एंड सोशल एक्शन, उषा मल्टीपरपज को-ऑपरेटिव सोसाइटी और अमरा पदातिक शामिल हैं, ने 21 नवंबर को सीईओ मनोज अग्रवाल को एक ईमेल भेजाथा। इसमें उन्होंने शिकायत की थी कि एसआईआर फॉर्म भरते समय रेड लाइट इलाकों में रहने वाली सेक्स वर्कर्स को बड़ी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद सीईओ ने रेड लाइट इलाकों में विशेष हियरिंग और ऑन द स्पॉट समाधान के लिए कैंप लगाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने इस बाबत अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे ऐसे इलाकों में जाकर सेक्स वर्कर्स की मदद करें।

फॉर्म भरने में डर या उलझन महसूस कर रहीं सेक्स वर्कर्स

सेक्स वर्कर्स के लिए काम करने वाले संगठन अमरा पदातिक की अधिकारी महास्वेता मुखर्जी ने बताया कि कई सेक्स वर्कर्स फॉर्म भरने में डर या उलझन महसूस कर रही हैं। इतना ही नहीं कई इलाकों को छोड़कर जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमने सीईओ कार्यालय से पश्चिम बंगाल के रेड-लाइट इलाकों में इसी तरह के शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी बताया कि सीईओ मनोज अग्रवाल ने यह भी संकेत दिया कि वह स्वयं भी किसी एक शिविर में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में आयोग की इस पहल से उन्हें भरोसा मिलेगा।

बता दें कि राज्य में एसआईआर के लिए पहले चरण की प्रक्रिया 4 दिसंबर तक चलेगी, जबकि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 9 दिसंबर को प्रकाशित होगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article