देश

अफ्रीका में इबोला का खतरा बढ़ा, भारत सरकार अलर्ट मोड पर, एयरपोर्ट्स पर निगरानी तेज

अफ्रीका के कई देशों में बढ़ते इबोला संक्रमण के बीच भारत सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है और एयरपोर्ट्स व बंदरगाहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि फिलहाल भारत में इबोला का कोई मामला नहीं है, लेकिन स्क्रीनिंग, क्वारंटीन और टेस्टिंग व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

Image

Ebola का कहर

Photo : AP

अफ्रीका के कुछ देशों में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस को लेकर भारत सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) और युगांडा में फैल रहे इबोला संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति (PHEIC) घोषित किए जाने के बाद भारत ने भी निगरानी और तैयारियां बढ़ा दी हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC), इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP), भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और अन्य संबंधित विभागों ने मौजूदा स्थिति की समीक्षा की है और एहतियाती कदम तेज करने का फैसला लिया है। मंत्रालय ने साफ किया है कि फिलहाल भारत में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है और देश में संक्रमण का खतरा अभी न्यूनतम स्तर पर है। हालांकि, सरकार किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरत रही है। इसी के तहत देश के एयरपोर्ट, बंदरगाहों और स्वास्थ्य तंत्र में निगरानी और तैयारियां मजबूत की जा रही हैं।

सरकार ने उठाए ये बड़े कदम

  • स्क्रीनिंग, निगरानी, क्वारंटीन और मरीजों के इलाज से जुड़े SOPs की समीक्षा शुरू कर दी गई है।
  • पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) को टेस्टिंग के लिए तैयार रखा गया है।
  • चरणबद्ध तरीके से अन्य लैब्स को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
  • प्रभावित देशों से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी बढ़ाई गई है।
  • बड़े एयरपोर्ट और बंदरगाहों पर आइसोलेशन और क्वारंटीन सुविधाओं की तैयारी की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने आम लोगों और मीडिया से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी न फैलाएं। मंत्रालय ने कहा कि भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। सरकार ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है और जरूरत पड़ने पर सभी जरूरी कदम तुरंत उठाए जाएंगे, ताकि देश में संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article