साउथ मूवीज

Times Now Summit Karnataka: 'मैं थोड़ा घबराया हुआ था'- एआर रहमान के फोन से बदल गई विजय प्रकाश की जिंदगी

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 21, 2026, 08:02 PM IST

Times Now Summit Karnataka 2026 Vijay Prakash: बॉलीवुड में कई यादगार गानों को अपनी आवाज देने वाले सिंगर विजय प्रकाश (Vijay Prakash) ने म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान (A. R. Rahman) के साथ काम करने का अनुभव शेयर किया है।

Image

विजय प्रकाश ने सुनाया एआर रहमान के साथ काम करने का किस्सा, बोले- 'दूसरा गाना ऑफर हुआ तो मना कैसे करता' (Image Source: Times Now)

Times Now Summit Karnataka 2026 Vijay Prakash: टाइम्स नाउ समिट कर्नाटक 2026 (Times Now Summit Karnataka 2026) में मशहूर सिंगर विजय प्रकाश (Vijay Prakash) ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने संगीत की दुनिया में अपने सफर और दिग्गज म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान (A. R. Rahman) के साथ काम करने के अनुभवों को शेयर किए। बातचीत के दौरान विजय प्रकाश ने फिल्म 'स्वदेस' (Swades) से जुड़े एक खास किस्से का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि किस तरह उन्हें एआर रहमान के साथ काम करने का मौका मिला और इस अनुभव ने उनके करियर में एक खास जगह बनाई। विजय प्रकाश ने इस दौरान रहमान के साथ काम करने को लेकर अपना नजरिया भी बताया, जिसकी चर्चा उनके प्रशंसकों के लिए खास है।

विजय प्रकाश ने किया याद

सिंगर विजय प्रकाश ने फिल्म 'स्वदेश' (Swades) में शाहरुख खान के लिए गाना रिकॉर्ड करने का अपना अनुभव शेयर किया है। इस फिल्म का गाना 'पल पल है भारी' उनके बॉलीवुड करियर का पहला प्लेबैक सॉन्ग था। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि "मुझे फोन आया कि एआर रहमान मेरे साथ काम करना चाहते हैं। मैं बहुत खुश हो गया। मैंने पूछा कि मुझे चेन्नई कब आना है? तो उन्होंने कहा कि नहीं, आपको पंचगनी आना है। मैंने पूछा कि पंचगनी क्यों? उन्होंने बताया कि पूरी टीम वहां है और रहमान सर वहीं काम कर रहे हैं।" विजय ने आगे बताया कि "मैं थोड़ा घबराया हुआ था, एक्साइटेड भी था। मेरे मन में बहुत सम्मान और प्यार था। मैंने धीरे से दरवाजा खोला तो देखा कि एआर रहमान सर एक छोटे मिक्सर और कंप्यूटर माइक्रोफोन के साथ बैठे थे। उन्होंने कहा, 'अरे, अंदर आओ।' फिर मैंने दरवाजा थोड़ा और खोला तो वहां आशुतोष गोवारिकर थे। मैं सोचने लगा कि वाह, दो दिग्गज एक साथ हैं। फिर थोड़ा और देखा तो जावेद अख्तर सर नजर आए। मैंने सोचा कि अब तीन दिग्गज हो गए और जब दरवाजा थोड़ा और खोला तो उसी छोटे से कमरे में शाहरुख खान भी बैठे थे।"

'अच्छी नींद का हक कमा लिया'

विजय ने बातचीत में बताया कि "मैंने सोचा कि अब तो मैंने अच्छी नींद लेने का हक कमा लिया है। लेकिन सुबह 7 बजे रहमान सर ने पूछा कि क्या मैं एक और तमिल गाना रिकॉर्ड करना चाहूंगा? सुबह के 7 बज रहे थे, लेकिन मैंने सोचा कि रहमान सर शायद पिछले 48 घंटों से काम कर रहे हैं और उनमें एक और गाना रिकॉर्ड करने की ऊर्जा है। तो मैं मना करने वाला कौन होता हूं? यह ऐसा है जैसे आप धूप का इंतजार कर रहे हों और जब सूरज निकले तो छाता खोलकर उसे मना कर दें। आपको उस धूप का आनंद लेना चाहिए। इसलिए मैंने कहा कि सर, मैं खुशी से गाना रिकॉर्ड करूंगा।"

एआर रहमान के साथ ग्रैमी तक का सफर

इसके चार साल बाद 2008 में विजय प्रकाश को एक बार फिर एआर रहमान के साथ फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' (Slumdog Millionaire) में काम करने का मौका मिला। वो फिल्म के मशहूर गाने 'जय हो' (Jai Ho) को गाने वाले चार सिंगर्स में से एक थे। इस गाने ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर जीता और ग्रैमी अवॉर्ड्स में भी खूब तारीफ बटोरी। बातचीत में विजय ने रहमान के साथ अपने सफर को याद करते हुए कहा, "उनके साथ मेरा सफर शानदार रहा है। रहमान सर ने मेरे लिए जो कुछ भी किया, उसके लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं। उनसे मैंने जिंदगी के सबक सीखे, संगीत सीखा और ग्रैमी वाला यादगार पल भी मिला।"

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article