देश

दिल्ली वालों को मिलती रहेगी बिजली, पानी और बस यात्रा पर सब्सिडी, Delhi LG ने किया साफ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 13, 2024, 09:05 PM IST

Delhi News: दिल्ली एलजी वीके सक्सेना ने दिल्ली के लोगों को आश्वस्त किया है कि गरीबों को लाभ पहुंचाने वाली कोई भी सब्सिडी योजना बंद नहीं की जाएगी। इसके अलावा, उनसे निहित राजनीतिक स्वार्थों के लिये दिये जा रहे बयानों और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

Image

वीके सक्सेना

Photo : ANI

Delhi News: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने साफ किया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में होने से दिल्ली की जनता के लिए जारी योजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने, शनिवार को कहा कि दिल्ली में बिजली, पानी और बस किराये पर सब्सिडी जारी रहेगी और जनता को निहित राजनीतिक स्वार्थों के लिये फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।

इसको लेकर राजभवन की ओर से बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया कि ऐसी अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि केंद्र सरकार और उपराज्यपाल सब्सिडी योजनाओं को बंद कर देंगे। बयान में कहा गया है कि एलजी वीके सक्सेना ने एक विशेष राजनीतिक दल के सदस्यों और उसके मंत्रियों के स्पष्ट रूप से झूठे और जानबूझकर गुमराह करने वाले बयानों को गंभीरता से लिया है कि जिनमें कहा गया है कि चूंकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल में बंद हैं, इसलिये मुफ्त बिजली, पानी और महिलाओं की बस यात्रा से संबंधित योजनाएं और सब्सिडी बंद कर दी जाएंगी।

नहीं बंद होगी कोई भी योजना

जारी बयान में कहा गया है कि एलजी ने दिल्ली के लोगों को आश्वस्त किया है कि गरीबों को लाभ पहुंचाने वाली कोई भी सब्सिडी योजना बंद नहीं की जाएगी। इसके अलावा, उनसे निहित राजनीतिक स्वार्थों के लिये दिये जा रहे बयानों और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। बयान में आगे कहा कि इन योजनाओं का भुगतान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) दिल्ली की समेकित निधि से किया जाता है, न कि किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खाते से। इन योजनाओं को दिल्ली के लोगों द्वारा वित्त पोषित किया जाता है जो करों के माध्यम से इस समेकित कोष में योगदान देते हैं।

सामने आई AAP की प्रतिक्रिया

राजभवन की ओर से जारी इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है। दिल्ली मंत्री व आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से वादा किया था कि वो जेल के बाहर हों या अंदर, दिल्ली के लोगों के काम नहीं रुकने देंगे। आज दिल्ली के बेटे और भाई अरविंद केजरीवाल की बड़ी जीत हुई है। दिल्ली की जनता की बड़ी जीत हुई हैं। जो बोलते थे, जेल से सरकार नहीं चलने देंगे, वो भी हार मान गये। उन्होंने माना कि दिल्ली के काम नहीं रुकेंगे, केजरीवाल सरकार जेल से चलेगी और काम होते रहेंगे। उन्होंने आगे कहा, जिस विचारधारा के प्रमुख फ्री पानी और फ्री बिजली को फ्री की रेवड़ी बोलते थे ,वो आज दिल्ली की जनता के सामने वादा कर रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल की स्कीम को भूल से कोई रोक नहीं सकता। दिल्ली वालों, ये है आपके बेटे की ताक़त, ये है दिल्ली के लोगों का केजरीवाल को आशीर्वाद।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!