देश

साइबर अपराधों पर लगाम कस रहा I4C, गृह मंत्रालय बोला- साइबर सुरक्षित भारत सर्वोच्च प्राथमिकता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 20, 2023, 11:28 PM IST

Cyber Crime in India: I4C का मुख्य काम कानून लागू कराने वाली विभिन्न एजेंसियों और हितधारकों के बीच तालमेल में सुधार सहित नागरिकों के लिए साइबर अपराध से संबंधित मुद्दों से निपटना है।

Image

National Cyber Security Awareness Month

Cyber Crime in India: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि साइबर सुरक्षित भारत का निर्माण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और मोदी सरकार साइबर-सुरक्षित देश बनाने के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध है। पीआईबी द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि साइबर सुरक्षा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा संबंधी मामलों का एक अनिवार्य पहलू बन गई है। इसी कारण यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साइबर-सुरक्षित भारत के विजन के अनुरूप पहल करते हुए गृह मंत्रालय ने देश में साइबर अपराध से समन्वित तरीके से निपटने के लिए भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की स्थापना की। I4C का मुख्य काम कानून लागू कराने वाली विभिन्न एजेंसियों और हितधारकों के बीच तालमेल में सुधार सहित नागरिकों के लिए साइबर अपराध से संबंधित मुद्दों से निपटना है।

2019 में लॉन्च किया गया था NCRP पोर्टल

अपनी स्थापना के बाद से ही I4C साइबर अपराधों से निपटने के लिए देश की सामूहिक क्षमता को बढ़ाने और कानून लागू कराने वाली एजेंसियों और हितधारकों के बीच प्रभावी समन्वय विकसित करने, साइबर अपराध से निपटने और नागरिक संतोष के स्तर में सुधार करने के लिए भारत की समग्र क्षमता में बदलाव लाने की दिशा में अथक प्रयास कर रहा है। 2019 में नागरिक-केंद्रित पहल के तौर पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) लॉन्च किया गया, जो I4C की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।

अब तक दर्ज हुईं 29 लाख से ज्यादा शिकायतें

I4C की एक और पहल, राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930, आम नागरिकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी दर्ज करने में मदद कर रही है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर अब तक 29 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। NCRP पोर्टल पर प्रतिदिन औसत 5000 से अधिक शिकायतें दर्ज हो रही हैं। हेल्पलाइन 1930 और NCRP ने 30 सितंबर, 2023 तक 765 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को धोखेबाजों के हाथों तक पहुंचने से बचाया है।

22 अक्टूबर तक जारी रहेगा जागरूकता अभियान

I4C, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से, साइबर अपराध की रोकथाम के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए कुतुब मीनार पर साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 और NCRP (cybercrime.gov.in) को प्रदर्शित कर रहा है। अक्टूबर को राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। लेज़र बीम के माध्यम से क़ुतुब मीनार पर हर रात 8.30 बजे चलाया जा रहा एक सप्ताह का जागरूकता अभियान रविवार, 22 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article