देश

'अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट को सलाम...', कांग्रेस ने क्यों कही ये बात; राष्ट्रपति ट्रंप से क्या है इसका कनेक्शन

Trump Tariffs: कांग्रेस ने शुक्रवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की जमकर सराहना की और उसे सलाम किया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 6-3 का फैसला निर्णायक होता है।

Image

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (फाइल फोटो)

Trump Tariffs: कांग्रेस ने शुक्रवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की जमकर सराहना की और उसे सलाम किया। दरअसल, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति ट्रंप के दुनिया भर पर लगाए गए व्यापक टैरिफ को अवैध करार देते हुए रद्द कर दिया। ऐसे में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) ने राष्ट्रपति ट्रंप के वैश्विक टैरिफ को रद्द करने के अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सराहना की और कहा कि जांच-परख और संतुलन की अमेरिकी व्यवस्था अब भी काम कर रही है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''राष्ट्रपति ट्रंप की पूरी टैरिफ नीति को रद्द करने के लिए अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट को सलाम! इसकी वैचारिक संरचना को देखते हुए यह काफी अद्भुत निर्णय है।'' उन्होंने कहा, ''6-3 का फैसला निर्णायक होता है। जांच-परख और संतुलन की अमेरिकी प्रणाली अब भी काम करती दिख रही है।''

ट्रंप को लगा बड़ा झटका

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वैश्विक टैरिफ को खारिज कर दिया, जिससे उन्हें उनके आर्थिक एजेंडे के मुद्दे पर बड़ा झटका लगा है। न्यायाधीशों के बहुमत ने पाया कि संविधान बहुत स्पष्ट रूप से अमेरिकी कांग्रेस को कर लगाने की शक्ति देता है, जिसमें टैरिफ भी शामिल है।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने 6:3 के बहुमत से फैसला सुनाया। इस दौरान, न्यायाधीशों ने पाया कि अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम (IEEPA) शुल्क लगाने का अधिकार नहीं देता है। न्यायमूर्ति क्लेरेंस थॉमस, न्यायमूर्ति सैमुअल ए. एलिटो जूनियर और न्यायमूर्ति कवानॉ ने असहमति वाला फैसला लिखा।

केवानॉ ने मामले में अपने असहमति वाले निर्णय में लिखा, ''विदेशी आयात पर शुल्क की तरह ही, इस मामले में विचाराधीन आईईईपीए टैरिफ भी विदेश मामलों से संबंधित हैं। सरकार के अनुसार, राष्ट्रपति ने आईईईपीए टैरिफ का इस्तेमाल चीन, ब्रिटेन और जापान सहित अन्य प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ व्यापार समझौते करने में किया है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article