Congress New President: शशि थरूर को चुनावी मुकाबले में हराकर मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) बुधवार को कांग्रेस (Congress) पार्टी के नए अध्यक्ष चुने गए। हार के बाद शशि थरूर ने खड़गे को अपनी शुभकामनाएं दीं और जीत के लिए उन्हें बधाई दी। थरूर ने कहा कि पार्टी प्रतिनिधियों का निर्णय अंतिम होता है और मैं इसे विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं। साथ ही कहा कि ऐसी पार्टी का सदस्य होना सौभाग्य की बात है, जो अपने कार्यकर्ताओं को अपना अध्यक्ष चुनने की अनुमति देती है।
कांग्रेस के नए अध्यक्ष बने मल्लिकार्जुन खड़गे
थरूर ने कहा कि हमारे नए अध्यक्ष पार्टी के सहयोगी और वरिष्ठ हैं, जिनके पास पर्याप्त नेतृत्व और अनुभव है। उनके मार्गदर्शन में मुझे विश्वास है कि हम सभी सामूहिक रूप से पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं। साथ ही कहा कि आज से कांग्रेस का रिवाइवल शुरू हो गया है। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने मल्लिकार्जुन खड़गे को निर्वाचित घोषित कर बताया कि खड़गे को 7,897 और थरूर को 1,072 वोट मिले। साथ ही कहा कि चुनाव में 9,385 वोट पड़े थे और इनमें से 416 वोट अवैध करार दिए गए।
थरूर ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में अपना योगदान देने के लिए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार ने कांग्रेस पार्टी के सदस्यों के दिलों में एक खास जगह बनाई है और हमेशा रहेगी।
सोनिया गांधी की जगह लेंगे मल्लिकार्जुन खड़गे
बता दें कि खड़गे को 'अनौपचारिक रूप से गांधी परिवार समर्थित उम्मीदवार' माना गया था, जिसके चलती बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेताओं ने उनका समर्थन किया था। खड़गे कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की जगह लेंगे, जो 2019 के लोकसभा चुनावों के बाद राहुल गांधी के पद छोड़ने के बाद से इस पद पर काबिज थीं। इसके साथ खड़गे दो दशकों में पहले गैर-गांधी कांग्रेस अध्यक्ष भी बन गए हैं।
