देश

वंदे मातरम्, पेपर लीक और राम मंदिर चंदा गबन... कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सरकार को घेरने की बनी रणनीति; जानें क्या-क्या निर्णय हुए

Congress Working Committee Meeting: कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर पीएम की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए।

Image

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक (फोटो साभार: @kharge)

Photo : Twitter

Congress Working Committee Meeting: कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को देश के मौजूदा हालातों पर चर्चा के लिए कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक बुलाई। इस बैठक में केंद्र की भाजपा नीत सरकार को छात्रों से जुड़े मुद्दों और राम मंदिर चंदा चोरी मामले में घेरने की रणनीति पर मंथन किया गया।

सीडब्ल्यूसी बैठक दोपहर 3 बजे नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में शुरू हुई। इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस की संसदीय दल प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

शिवकुमार भी रहे मौजूद

बैठक में कांग्रेस के कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। इनमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शामिल हैं।

वंदे मातरम् मुद्दे पर भी हुई चर्चा

टाइम्स नाउ के सूत्रों के मुताबिक, सीडब्ल्यूसी की बैठक में वंदे मातरम् मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इस बैठक में वंदे मातरम के शुरू के दो अंतरे गाने पर सहमति बनी। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के आंतरिक कार्यक्रमों में अब भी 'वंदे मातरम्' के केवल पहले दो अंतरे गाए जाएंगे। पार्टी ने 1937 में अपनाए गए प्रस्ताव के अनुरूप ही यह व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया है। सूत्रों के अनुसार, 1937 के प्रस्ताव में तय किए गए रुख की पुष्टि करते हुए कांग्रेस ने अपने आंतरिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के गायन को पहले दो अंतरों तक सीमित रखने का फैसला किया है।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक के एजेंडे में अगले साल की शुरुआत में होने वाले संभावित विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अगले साल पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

सरकार को घेरने का कांग्रेस का प्लान तैयार

वेणुगोपाल ने बताया कि सीडब्ल्यूसी बैठक में 88 से ज्यादा लोग शामिल हुए, जबकि चर्चा में 33 सदस्यों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि आज हम तीन या चार मुद्दों पर फोकस कर रहे हैं, जिनमें पेपर लीक मुद्दा अहम है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग लोगों को धार्मिक आधार पर ध्रुवीकृत करने के लिए राम मंदिर के मुद्दे का इस्तेमाल कर रहे थे, वे अब पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं।

वेणुगोपाल ने कहा, "पहला मुद्दा इस देश में परीक्षा का है। छात्रों ने जिस तरह आंदोलन किया और भारत सरकार ने जिस तरीके से उस आंदोलन से निपटा, उस पर सीडब्ल्यूसी ने सर्वसम्मति से माना कि लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी दलों की ओर से उठाए गए मुद्दे 100 प्रतिशत सफल रहे। इन शैक्षणिक मुद्दों पर सरकार पूरी तरह बैकफुट पर रही।"

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक मुद्दों को लेकर राहुल गांधी की पहल 'छात्रों की गूंज' और आंदोलन में उनकी सीधी भागीदारी का भी व्यापक असर हुआ। वेणुगोपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास की ओर किया गया विरोध-प्रदर्शन छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए माहौल बनाने में महत्वपूर्ण रहा। वेणुगोपाल ने कहा कि सीडब्ल्यूसी की बैठक में दूसरा बड़ा मुद्दा 'चंदा चोरी' का रहा। उन्होंने राम मंदिर के चंदे से जुड़े कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मुद्दा अब केवल राम मंदिर तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ गया है।

'देश का भविष्य हैं युवा'

सीडब्ल्यूसी बैठक को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने युवाओं को देश का भविष्य बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे युवा देश भारत ही है और युवा हमारा भविष्य हैं। पर सरकार की गलत नीतियों ने हमारे युवाओं को भारी हताशा के दलदल में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक उन्माद और रेवड़ी कल्चर की होड़ में सबसे अधिक उपेक्षा युवाओं के शिक्षा और रोजगार की हुई है।

खरगे ने कहा कि इस मौके पर मैं राजीव गांधी जी का खासतौर पर स्मरण करना चाहूंगा। कल उनकी जन्म जयंती है। उन्होंने प्रचंड बहुमत की सरकार में रहते हुए अपनी नीतियों के केंद्र में नौजवानों को रखा था। उन्होंने कहा, ''राजीव जी ने युवाओं को बड़ी भूमिका मिले, इस इरादे से वोटिंग की उम्र 21 साल से घटा कर 18 साल की। देश के हर जिले में नवोदय विद्यालयों का नेटवर्क खड़ा किया।''

खरगे ने PM मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल

साथ ही, कांग्रेस अध्यक्ष ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ने संसद में ट्रस्ट के गठन की घोषणा की थी। सोच विचार कर उन्होंने अपने लोगों को ट्रस्ट में रखा होगा।

उन्होंने कहा, ''आम लोगों ने यह सोच कर इसमें दिल खोल कर चंदा, सोना- चांदी दिया कि ट्रस्ट प्रधानमंत्री जी ने बनाया है, इसलिए ईमानदारी से काम होगा, लेकिन वहां पर भारी घोटाला सामने आया है। लोग सवाल पूछ रहे हैं पर मोदी जी लगातार मौन हैं।'' खरगे ने आगे कहा कि देश जानना चाहता है कि वहां कितना चढ़ावा आया, कितना सोना-चांदी और अन्य बहुमूल्य सामग्री आई? उसका लेखा-जोखा क्या है? केवल चंद छोटे लोगों को जेल भेजने भर से ये मामला समाप्त नहीं होगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article