देश

मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, 13,041 करोड़ की 5 बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी; बिहार में बनेगा 4-लेन हाईवे

Modi Cabinet Decision: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी पांच बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक (फाइल फोटो)

Modi Cabinet Decision: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी पांच बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं की कुल लागत 13,041 करोड़ रुपये है। इनमें रेलवे लाइन के विस्तार और बिहार में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में 4-लेन हाईवे के निर्माण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

बिहार को 3,591 करोड़ रुपये की सौगात

केंद्रीय मंत्रिमंडल में बिहार की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए -लेन हाईवे निर्माण को मंजूरी दी गई है। इससे मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और सोनबरसा के बीच 4-लेन हाईवे बनने से क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

बिहार में बनेगा 4-लेन हाईवे

मोदी मंत्रिमंडल ने बिहार में मुजफ्फरपुर–सीतामढ़ी–सोनबरसा 4-लेन कॉरिडोर (NH-22) के विकास को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर लगभग 3,591 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

  • कुल लागत: 3,591 करोड़ रुपये
  • लंबाई: 83 किलोमीटर
  • जिले: मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी
  • निर्माण मॉडल: HAM (हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल)
  • सड़क: फ्लेक्सिबल पेवमेंट
  • निर्माण अवधि: 30 महीने
  • प्रमुख पुल: 7
  • रेलवे ओवरब्रिज: 3
  • व्हीकुलर अंडरपास: 6

किन-किन परियोजनाओं को मिली मंजूरी

मोदी मंत्रिमंडल ने जिन पांच परियोजनाओं को मंजूरी दी है, उनमें खड़गपुर–भद्रक (रानीताल) चौथी लाइन, भद्रक–हरिदासपुर चौथी लाइन, गुम्मिडीपुंडी–गुडूर तीसरी और चौथी लाइन, कटक–पारादीप तीसरी और चौथी लाइन के साथ मुजफ्फरपुर–सीतामढ़ी–सोनबरसा 4-लेन हाईवे परियोजना को मंजूरी मिली है।

क्रमांकपरियोजनाएंलागत
1खड़गपुर–भद्रक (रानीताल) चौथी लाइन3,352 करोड़ रुपये
2भद्रक–हरिदासपुर चौथी लाइन1,583 करोड़ रुपये
3गुम्मिडीपुंडी–गुडूर तीसरी और चौथी लाइन 2,229 करोड़ रुपये
4कटक–पारादीप तीसरी और चौथी लाइन 2,286 करोड़ रुपये
5मुजफ्फरपुर–सीतामढ़ी–सोनबरसा 4-लेन हाईवे3,591 करोड़ रुपये

खड़गपुर–भद्रक (रानीताल) चौथी लाइन

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने खड़गपुर से भद्रक रेलवे लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह रेल लाइन बालेश्वर से होते हुए रुपसा और फिर आगे भद्रक तक जाएगी। इस तरह यह ओडिशा के पूरे तटीय क्षेत्र के साथ-साथ गुजरने वाली रेल लाइन होगी।

उन्होंने कहा कि खड़गपुर और भद्रक के बीच इस रेल मार्ग को अब चार लाइन का बनाया जा रहा है। परियोजना के तहत दो मेगा ब्रिज, 41 बड़े पुल और 169 छोटे पुल बनाए जाएंगे। इस परियोजना की कुल लंबाई 173 किलोमीटर की होगी और इसके निर्माण कार्य पर लगभग 3,352 करोड़ रुपये होंगे। इससे ओडिशा के तटीय इलाकों में रेल कनेक्टिविटी और परिवहन क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।

गुम्मिडीपुंडी–गुडूर परियोजना

अश्विणी वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने गुम्मिडीपुंडी–गुडूर रेलवे परियोजना को भी मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर में मशीनरी, ऑटोमोबाइल, फार्मास्यूटिकल्स, केमिकल्स और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में नई औद्योगिक इकाइयां विकसित हो रही हैं। इसके अलावा इस मार्ग पर यात्रियों की आवाजाही भी काफी अधिक है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की अनुमानित लागत 2,229 करोड़ रुपये है। परियोजना के तहत स्वर्णमुखी नदी पर 360 मीटर लंबा मेगा ब्रिज भी बनाया जाएगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article