देश

'अगले 48 घंटे में हो कार्रवाई...', राजस्थान सरकार को अभिजीत दिपके का अल्टीमेटम, दी दिल्ली जैसे बड़े आंदोलन की चेतावनी

जयपुर के बगरू स्थित रामपुरा-कंवरपुरा गांव में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कार्यकर्ताओं और प्रवक्ता आशुतोष रांका पर ग्रामीणों व कथित बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। इस घटना के बाद सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके ने राजस्थान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है।

Image

जयपुर में CJP टीम पर हमले के बाद संस्थापक दिपके की सीधी चेतावनी

Photo : ANI

राजस्थान की राजधानी जयपुर के पास बगरू इलाके में स्थित रामपुरा-कंवरपुरा गांव में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनकी टीम को ग्रामीणों व कथित बीजेपी कार्यकर्ताओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने राजस्थान सरकार और पुलिस प्रशासन को 48 घंटे की चेतावनी देते हुए दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले पर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा, "अगर अगले 48 घंटों के भीतर स्कूल की मरम्मत का काम शुरू नहीं होता और हमले के जिम्मेदार बीजेपी के गुंडों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तो मैं खुद जयपुर आऊंगा। स्कूल तो हम ठीक करवाकर ही रहेंगे।"

ग्रामीणों ने सीजेपी के वॉलिंटियर्स को गांव से खदेड़ा

मिली जानकारी के मुताबिक शुरुआत में ग्रामीणों ने सीजेपी के वॉलिंटियर्स को गांव से बाहर खदेड़ दिया। इसके बाद जब प्रवक्ता आशुतोष रांका खुद स्थिति का जायजा लेने स्कूल पहुंचे, तो माहौल और हिंसक हो गया। आरोप है कि भीड़ ने कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की, उन पर रेत उछाली और पथराव करते हुए उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इस पूरी घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

दिपके ने दिल्ली जैसे प्रदर्शन की दी चेतावनी

दिपके ने देश की युवा पीढ़ी (Gen Z) से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि 48 घंटे में न्याय नहीं मिला, तो जैसा प्रदर्शन दिल्ली में हुआ था, वैसा ही बड़ा आंदोलन राजस्थान की धरती पर भी शुरू किया जाएगा। इस घटना के बाद विपक्षी दलों ने भी बीजेपी सरकार और राजस्थान पुलिस को घेरते हुए हमले की कड़ी निंदा की है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article