CJP Leaders: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) विवाद को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच टकराव गहराता जा रहा है। 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित देशव्यापी प्रदर्शन से पहले CJP नेता सौरव दास आशंका जताई है कि उन्हें, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका समेत अन्य नेताओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा सकता है।
गिरफ्तारी का जताया अंदेशा
CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले बड़े प्रदर्शन को दबाने के लिए सरकार और पुलिस उनके शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है। सौरव दास ने कहा कि अगर सरकार यह सोचती है कि तानाशाही रवैये से युवाओं की आवाज दबाई जा सकती है, तो यह उनकी भूल है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि नेताओं की गिरफ्तारी के बावजूद 10 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचें।
वहीं, रांका ने एक्स पर पोस्ट किया- कई सूत्रों से सूचना मिली है कि अभिजीत दीपके, सौरव दास और मुझे 10 तारीख से पहले कभी भी NSA/अन्य समकक्ष प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया जा सकता है। हम तीनों 6 जून से जेल जाने के लिए तैयार हैं। हमें इसका कोई डर नहीं है। लेकिन जो लोग इस देश को बर्बाद करने पर तुले हैं, उन्हें डरना चाहिए। और वे डरे हुए हैं। जैसा कि गांधी जी ने कहा था, "हिंसा और नफरत डर से पैदा होती है"। सरकार डरी हुई है, और इसीलिए वह हिंसा का सहारा ले रही है।
हम 30 साल के युवा हैं जो एक बेहतर, अधिक जवाबदेह भारत के लिए लड़ रहे हैं। हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है। आप हमें गिरफ्तार कर सकते हैं, पीट सकते हैं, यहां तक कि मार भी सकते हैं। लेकिन आप हमें रोक नहीं सकते। “अगर मार भी दिया तो हमारी चिता से निकलने वाली आग तुम्हारे महलों को पिघला देगी।”
गृह मंत्री पर निशाना
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "कितनों को अरेस्ट करोगे अमित शाह? 10 अक्टूबर को पूरा देश आ रहा है।" CJP का आरोप है कि चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे SIR अभियान में भारी गड़बड़ियां हैं। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे, SIR प्रक्रिया को रोकने और पुरानी मतदाता सूची को बहाल करने की मांग कर रही है।
मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन
2 अक्टूबर (गांधी जयंती) को CJP ने मुंबई के शिवाजी पार्क में विशाल 'जेल भरो' प्रदर्शन किया था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने बिना अनुमति रैली करने और यातायात बाधित करने के आरोप में दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका सहित कई सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
NEET लीक और पिछला आंदोलन
इससे पहले जुलाई 2026 में NEET पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर CJP के 36 दिनों तक चले आंदोलन के बाद तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था। CJP नेताओं का कहना है कि वे अपने अधिकारों और देश के भविष्य के लिए जेल जाने से नहीं डरते।
