देश

रामायण फिल्म पर बवाल! रावण के महिमामंडन और रामकथा से छेड़छाड़ का आरोप, VHP ने की फिल्म पर बैन लगाने की मांग

विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने वाल्मीकि रामायण के मूल प्रसंगों से छेड़छाड़ और किरदारों के आपत्तिजनक चित्रण का आरोप लगाते हुए रामायण पर आधारित फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

Image

विहिप महासचिव बजरंग लाल बागड़ा

जिस रामकथा को करोड़ों लोग आस्था और मर्यादा का प्रतीक मानते हैं, उसी रामायण पर बनी फिल्म अब विवादों में घिर गई है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने फिल्म के कथानक और किरदारों के चित्रण पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। परिषद का आरोप है कि फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की रामायण के मूल प्रसंगों से छेड़छाड़ की गई है और कई ऐसी घटनाएं दिखाई गई हैं, जिनका मूल रामकथा में कोई आधार नहीं है।

VHP के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने उठाए फिल्म पर सवाल

VHP के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने फिल्म पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें भगवान राम और उनके परिवार के चरित्रों को हल्के अंदाज में दिखाया गया है, जबकि रावण का महिमामंडन करने की कोशिश की गई है। परिषद की सबसे बड़ी आपत्ति इस बात को लेकर है कि फिल्म में रामकथा के कई अहम प्रसंगों को जगह नहीं दी गई है।

बागड़ा के मुताबिक, अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान राम के चरित्र और उनकी सामाजिक स्वीकार्यता को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, लेकिन फिल्म में इनका उल्लेख तक नहीं है। इतना ही नहीं, VHP का आरोप है कि ऋषि-मुनियों के यज्ञ और साधना में बाधा डालने वाले राक्षसों के खिलाफ भगवान राम के संघर्ष को फिल्म में पत्नी के अपहरण का बदला लेने की व्यक्तिगत लड़ाई के तौर पर पेश किया गया है।

रावण के चित्रण पर भी सवाल

परिषद ने रावण के चित्रण पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि अहंकारी और अत्याचारी रावण को शोषितों के उद्धारक के रूप में दिखाकर एक राजनीतिक विमर्श गढ़ने की कोशिश की गई है।

VHP का कहना है कि रामकथा केवल धार्मिक आख्यान नहीं, बल्कि व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक मर्यादाओं का आधार है। इसके साथ इस तरह की छेड़छाड़ करोड़ों रामभक्तों की आस्था को चोट पहुंचाती है।

अब परिषद ने फिल्म को दिया गया सेंसर प्रमाणपत्र रद्द करने और इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ऐसे में सवाल है कि सिनेमा के नाम पर रचनात्मक स्वतंत्रता और करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था के बीच संतुलन कैसे बनेगा?

End of Article