देश

'राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, प्रेशर ग्रुप के तौर पर करेंगे काम'; अभिजीत दिपके ने बताया सीजेपी का फ्यूचर प्लान

आज से छत्रपति संभाजीनगर में सीजेपी की दो दिवसीय बैठक की शुरुआत हो रही है। इससे पहले, सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने बैठक का एजेंडा बताया है। साथ ही उन्होंने रहा कि हमारा संगठन को किसी राजनीतिक दल में बदलने का कोई इरादा नहीं है।

Image

अभिजीत दीपके

Photo : PTI

दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के विरोध में हुए छात्र आंदोलन के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अपने अगले चरण की रणनीति तैयार करने में जुट गई है। संगठन की दो दिवसीय कोर टीम की बैठक बुधवार से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में संस्थापक अभिजीत दिपके के आवास पर शुरू हुई। बैठक में संगठन के संस्थापक, राष्ट्रीय प्रवक्ता और अन्य प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

अभिजीत दिपके ने बताया बैठक का एजेंडा

बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में अभिजीत दिपके ने बैठक का एजेंडा बताया। उन्होंने साफ कहा कि CJP फिलहाल किसी राजनीतिक दल के रूप में नहीं, बल्कि एक प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य सरकार पर युवाओं, छात्रों, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर प्रभावी ढंग से दबाव बनाना है। दिपके ने कहा, "हम फिलहाल राजनीतिक पार्टी के विकल्प के रूप में काम नहीं करेंगे। हमारा फोकस युवाओं की शिक्षा और रोजगार के मुद्दे उठाने पर रहेगा। जहां भी छात्रों को CJP की जरूरत होगी, हम उनके साथ खड़े रहेंगे।"

उन्होंने बताया कि दो दिवसीय बैठक में हम इस बात पर मंथन करेंगे कि हमारा आगे का course of action क्या होगा। संगठन को कैसे आगे ले जाना है? केंद्र सरकार को युवाओं के मुद्दों पर बोलने के लिए और काम करने के लिए कैसे प्रेशर डाले, उसपर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि कल दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक का निष्कर्ष बताएंगे।

एथेनॉल मिश्रित ईंधन, बेरोजगारी और संस्थाओं पर भरोसे जैसे मुद्दों पर चर्चा

अभिजीत दिपके ने बताया कि बैठक में एथेनॉल मिश्रित ईंधन (Ethanol Blended Fuel), बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और मीडिया तथा न्यायपालिका जैसी संस्थाओं में लोगों के घटते भरोसे जैसे अहम विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। संगठन इन मुद्दों पर अपनी आगे की रणनीति तय करेगा।

झारखंड के छात्रों के समर्थन में CJP

दिपके ने कहा कि CJP झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता पहले से ही छात्रों के संपर्क में हैं और जरूरत पड़ने पर आंदोलन में भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा, "जहां भी छात्रों को हमारी जरूरत होगी, CJP उनके साथ खड़ी मिलेगी।"

'सोनम वांगचुक हमारे मेंटर थे और रहेंगे'

दिपके ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक आगे भी CJP का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार उनके संपर्क में है और समय-समय पर उनसे सलाह लेता रहेगा।

'राजनीतिक दल बनाने का कोई इरादा नहीं'

अभिजीत दिपके ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में राजनीतिक दल बनाना संगठन का उद्देश्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न संस्थाओं में जनता का भरोसा कमजोर हुआ है और ऐसे समय में एक मजबूत जन-आंदोलन की जरूरत है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान जंतर-मंतर पर बाहरी तत्वों की घुसपैठ के कारण हिंसा हुई थी, जिसे उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की विफलता बताया।

देशभर में शुरू होगा 'Nationwide Listening Tour'

इससे पहले, CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि रणनीतिक बैठक के बाद संगठन देशभर में 'Nationwide Listening Tour' शुरू करेगा। इस अभियान के जरिए विभिन्न राज्यों में युवाओं और छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझा जाएगा। उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों का सामना कर रहे छात्रों की कानूनी सहायता के लिए CJP ने लीगल डिफेंस फंड भी बनाया है। संगठन का कहना है कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं और आम नागरिकों के सहयोग से छात्रों को कानूनी मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article