Punjab DIG: सीबीआई की एक अदालत ने शुक्रवार को पंजाब के पुलिस उप महानिरीक्षक (रोपड़ रेंज) हरचरण सिंह भुल्लर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। भुल्लर को आठ लाख रुपये की रिश्वतखोरी से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भुल्लर को गुरुवार को गिरफ्तार किया था। वरिष्ठ पंजाब पुलिस अधिकारी को शुक्रवार को मेडिकल जांच के बाद अदालत में पेश किया गया। अदालत में पेश किए जाने से पहले, भुल्लर से जब संवाददाताओं ने उनकी गिरफ्तारी के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा, 'अदालत पूरी तरह से न्याय करेगी और (हम) सभी पहलुओं को अदालत के सामने रखेंगे।'
भुल्लर का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एच एस धनोआ और ए एस सुखीजा ने कहा कि सीबीआई अदालत ने भुल्लर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। रिश्वतखोरी के मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद, सीबीआई ने कथित तौर पर भुल्लर के आवास पर छापेमारी के दौरान लगभग पांच करोड़ रुपये नकद, 1.50 किलोग्राम आभूषण, अचल संपत्तियों के दस्तावेज, दो लग्जरी वाहनों की चाबियां, 22 लग्जरी घड़ियां, लॉकर की चाबियां, 40 लीटर इम्पोर्टेड शराब, एक डबल-बैरल बंदूक, एक पिस्तौल, एक रिवॉल्वर और एक एयरगन सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।
गुरुवार को हुई भुल्लर की गिरफ्तारी
भुल्लर को गुरुवार को मोहाली स्थित उनके कार्यालय से गिरफ्तार किया गया था। उनके खिलाफ फतेहगढ़ साहिब के मंडी गोबिंदगढ़ के एक स्क्रैप डीलर ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पर 2023 में उनके खिलाफ दर्ज एक एफआईआर को 'रफा-दफा' करने के लिए बार-बार मासिक भुगतान मांगने का आरोप लगाया गया था। सीबीआई के जासूसों ने चंडीगढ़ के सेक्टर 40 में भुल्लर के आवास पर तलाशी ली। कृष्णु नामक एक बिचौलिए को भी गिरफ्तार किया गया, और सीबीआई के जासूसों ने कथित तौर पर उससे 21 लाख रुपये बरामद किए।
'मासिक भुगतान की मांग कर रहे थे भुल्लर'
सीबीआई द्वारा दर्ज की गई एक एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता आकाश बत्ता ने आरोप लगाया कि डीआईजी भुल्लर ने अपने बिचौलिए के माध्यम से 2023 में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रफा-दफा करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि उनके स्क्रैप व्यवसाय के खिलाफ कोई और दंडात्मक या प्रतिकूल पुलिस कार्रवाई नहीं की जाए, अवैध रूप से रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि भुल्लर "सेवा-पानी" के रूप में बार-बार मासिक भुगतान की मांग कर रहे थे, और अनुपालन न करने की स्थिति में उन्हें व्यवसाय से संबंधित आपराधिक मामलों में झूठा फंसाने की धमकी दी थी।
आठ लाख रुपये की मांग की थी
शिकायत के सत्यापन से पता चला कि भुल्लर ने अपने बिचौलिए के माध्यम से बत्ता से एफआईआर को "रफा-दफा" करने और उनके स्क्रैप व्यवसाय के खिलाफ कोई और पुलिस कार्रवाई नहीं करने के लिए आठ लाख रुपये की मांग की थी, जैसा कि सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर में कहा गया है। यह पता चला कि अधिकारी ने, अपने सहयोगी के माध्यम से, कथित तौर पर शिकायतकर्ता से 2023 में उसके खिलाफ लंबित एफआईआर को रफा-दफा करने और उसे पुलिस हस्तक्षेप के बिना अपना स्क्रैप डीलिंग व्यवसाय जारी रखने की अनुमति देने के लिए आठ लाख रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की और स्वीकार करने के लिए सहमत हुआ। शिकायतकर्ता ने अपने बयान में दावा किया कि उसे 2023 में झूठे आरोपों पर बुक किया गया था कि वह नकली बिलों का उपयोग कर रहा था। भुल्लर को नवंबर 2024 में डीआईजी (रोपड़ रेंज) नियुक्त किया गया था। रोपड़ रेंज में मोहाली, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब जिले शामिल हैं। हरचरण सिंह भुल्लर, पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक एम एस भुल्लर के बेटे हैं।
