पेशे से एक डिलीवरी बॉय (Delivery Boy) ने अपनी मेहनत और परिवार के लिए प्यार की ऐसी मिसाल पेश की है, जो किसी का भी दिल छू सकती है। दिन-रात मेहनत करके घर चलाने वाले इस लड़के का एक छोटा सा सपना था। दरअसल, वह अपने परिवार के लिए पहला टीवी खरीदना चाहता था। इससे पहले आज तक उसके घर में टीवी नहीं था। उसकी कमाई बहुत ज्यादा नहीं थी लेकिन हर दिन डिलीवरी करने के बाद जो पैसे मिलते, उनमें से वह अपनी जरूरतों का खर्च निकालता और कुछ पैसे बचाकर रखता था। उसके लिए यह बचत सिर्फ पैसे जमा करना नहीं थी, बल्कि अपने परिवार के लिए एक खास तोहफा खरीदने की तैयारी थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
घर पर पहली बार आई टीवी
लड़का चाहता था कि उसके परिवार के सभी लोग एक साथ बैठकर टीवी देखें, मनोरंजन करें और कुछ अच्छा समय साथ बिताएं। शायद किसी बड़े और महंगे सपने की तरह यह इच्छा नहीं थी, लेकिन उसके लिए इसका मतलब बहुत बड़ा था। कई दिनों और महीनों तक उसने लगातार मेहनत की। गर्मी हो, बारिश हो या थकान, वह अपना काम करता रहा। लोगों के घरों तक उनका पार्सल पहुंचाता रहा और अपनी कमाई का एक हिस्सा बचाता रहा ताकि वह उस दिन को जल्द से जल्द ला सके, जब वह अपने घर में पहली बार टीवी लेकर पहुंचेगा। आखिरकार उसकी मेहनत रंग लाई। उसने अपनी बचत से परिवार के लिए टीवी खरीदा।
टीवी देख नहीं रहा परिवार की खुशी का ठिकाना
टीवी घर आने के बाद परिवार की खुशी का अंदाजा शायद उस लड़के की मुस्कान से लगाया जा सकता है। जो वीडियो में साफतौर पर देखने को मिल रही है। साथ ही लड़के का पूरा परिवार भी बहुत खुश नजर आ रहा है। असल में उसके लिए यह सिर्फ एक इलेक्ट्रॉनिक सामान नहीं था, बल्कि उसकी मेहनत, त्याग और परिवार के प्रति प्यार का नतीजा था। आज के समय में जहां लोग अक्सर बड़ी-बड़ी चीजों को सफलता की निशानी मानते हैं, वहीं इस लड़के के वीडियो (Video) को देखकर लग रहा है कि जिंदगी में छोटी सी खुशी भी बहुत बड़े मायने रखती है। अपने परिवार को खुश देखने के लिए की गई मेहनत और सेविंग्स की खुशी अलग ही होती है।
वीडियो पर लोगों खूब लुटाया अपना प्यार
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स पर @lakshaymehta08 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हैं। जिसे देखने के बाद लोग उस लड़के की मेहनत, त्याग-तपस्या और परिवार की खुशी के लिए किए गए इस नेक काम के लिए उसकी खूब तारीफ कर रहे हैं। जैसे एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "एक बेटे की सारी मेहनत अपने परिवार को खुश देखने के लिए होती है।" दूसरे ने लिखा, "एक बेटे की जिंदगी सिर्फ अपने परिवार को खुश करने में ही कट जाती है।"
