देश

Lok Sabha Chunav: पहले चरण की वोटिंग के लिए यूपी में 8 सीटों पर थम गया चुनाव प्रचार, जानें सारा गुणा-गणित

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 17, 2024, 08:29 PM IST

Election News: लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के लिए प्रचार का सिलसिला खत्म हो चुका है। उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीट पर पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार समाप्त हो चुका है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी सियासी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। आपको यूपी की इन आठ सीटों का गुणा-गणित समझाते हैं।

Image

खत्म हुआ चुनाव प्रचार का सिलसिला।

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के आठ लोकसभा क्षेत्रों में 19 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार कार्य बुधवार शाम छह बजे खत्म हो गया है। पहले चरण में 19 अप्रैल को जिन लोकसभा सीट पर मतदान होना है उनमें राज्य के पश्चिमी क्षेत्र की सहारनपुर, बिजनौर, कैराना, मुजफ्फरनगर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत सीट शामिल हैं। इस चरण के लिये हुए चुनाव प्रचार में सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत लगायी। प्रचार की शुरुआत सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने की। बाद में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ के नेताओं ने भी प्रचार में जोर लगाया।

NDA और INDIA ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन झोंकी ताकत

राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग), विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के लिए मंच तैयार है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार इन आठ लोकसभा क्षेत्रों में मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले यानी 17 अप्रैल की शाम छह बजे से राजनीतिक दलों और उनके उम्मीदवारों द्वारा किसी भी प्रकार की चुनाव प्रचार संबंधी गतिविधियों और प्रचार पर प्रतिबंध रहेगा।

किस लोकसभा सीट से कितने उम्मीदवार ठोक रहे दावेदारी?

यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रचार की अवधि समाप्त होने के बाद सभी राजनीतिक दलों के बाहरी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी पर भी प्रतिबंधित रहेगी। इस चरण के मतदान में विभिन्न दलों से कुल 80 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 73 पुरुष और सात महिलाएं हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक पहले चरण में कुल 1.43 करोड़ मतदाता हैं। मुरादाबाद से 12, कैराना से 14, मुजफ्फरनगर और बिजनौर से 11-11, सहारनपुर और पीलीभीत से 10-10, नगीना और रामपुर से छह-छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

यूपी में कौन किसके साथ मिलकर लड़ रहा लोकसभा चुनाव?

इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में असरदार समझे जाने वाले राष्ट्रीय लोकदल से और सपा ने कांग्रेस से हाथ मिलाया है। बसपा ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पहले चरण के चुनाव के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ और पीलीभीत में रैलियों को संबोधित किया जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन सीट पर 20 से अधिक रैलियों को संबोधित कर चुके हैं। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी पहले चरण में चुनाव से गुजरने वाले अनेक लोकसभा क्षेत्रों में रैलियों को संबोधित किया।

प्रियंका गांधी ने आखिरी दिन इमरान मसूद के लिए किया प्रचार

कांग्रेस महासचिव और स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने इन चुनाव में राज्य में अपनी पहली उपस्थिति दर्ज कराते हुए पार्टी उम्मीदवार इमरान मसूद के पक्ष में सहारनपुर में एक रोड शो किया। मसूद इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं। बसपा अध्यक्ष मायावती और उनके भतीजे आकाश आनंद ने भी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी पीलीभीत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद और नगीना में रैलियों को संबोधित किया।

पहले चरण में यूपी के किन दिग्गजों की किस्मत पर होगा फैसला?

इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में पीलीभीत से जितिन प्रसाद, मुजफ्फरनगर से केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और नगीना से आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्र शेखर आजाद हैं। पहले चरण में जिन आठ सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 2019 के चुनाव में भाजपा ने तीन (मुजफ्फरनगर, कैराना और पीलीभीत), सपा ने दो (मुरादाबाद और रामपुर) और बसपा ने तीन (सहारनपुर, नगीना और बिजनौर) जीती थीं। बाद में हुए उपचुनाव में भाजपा ने रामपुर सीट पर जीत हासिल की थी। सपा ने पिछला लोकसभा चुनाव बसपा के साथ गठबंधन कर लड़ा था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!