देश

दिल्ली शराब घोटाले में BRS नेता के कविता गिरफ्तार, ED के बाद कसा CBI का शिकंजा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 11, 2024, 03:14 PM IST

K Kavitha : इससे पहले सीबीआई ने बुधवार को दिल्ली की एक अदालत को बताया कि उसने कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में बीआरएस नेता के. कविता से तिहाड़ केंद्रीय जेल में पूछताछ की।

K Kavitha : दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता के कविता की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। उन पर जांच एजेंसियों का शिकंजा कसता जा रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में चल रहीं कविता को दूसरी जांच एजेंसी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी कविता बीआरएस की एमएलसी हैं। वह तिहाड़ जेल में 23 अप्रैल तक बंद हैं। ईडी ने मनीलॉन्ड्रिंग केस में उन्हें गत 15 मार्च को हैदराबाद स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के दौरान के कविता ने कहा, 'यह ऐसा मामला है जो पूरी तरह से बयान पर आधारित है। यह एक राजनीतिक मामला है। यह विपक्षी दल को फंसाने का केस है। सीबीआई जेल में मेरा बयान पहले ही दर्ज कर चुकी है।' स्पेशल कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद सीबीआई ने हाल ही में जेल में उनसे पूछताछ की।

कविता से जेल में पूछताछ की अनुमति मिली थी

इससे पहले सीबीआई ने बुधवार को दिल्ली की एक अदालत को बताया कि उसने कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में बीआरएस नेता के. कविता से तिहाड़ केंद्रीय जेल में पूछताछ की। कविता कथित घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। अदालत ने पांच अप्रैल को सीबीआई को कविता से जेल में पूछताछ की अनुमति दी थी। कविता ने उस आदेश को चुनौती दी है। सीबीआई ने ईडी और सीबीआई मामलों की विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा को सूचित किया कि अदालत के आदेश के बाद उसने छह अप्रैल को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) कविता से पूछताछ की।

अगली सुनवाई 26 अप्रैल को होगी

न्यायिक हिरासत में पूछताछ के अनुरोध वाली सीबीआई की याचिका के संदर्भ में, कविता की ओर से पेश वकील नितेश राणा द्वारा दाखिल आवेदन के जवाब में केंद्रीय जांच एजेंसी ने यह दलील दी। सीबीआई ने अदालत को बताया कि वह कविता से पहले ही पूछताछ कर चुकी है, इसलिए वह उनके आवेदन पर कोई जवाब नहीं दाखिल करेगी। राणा ने हालांकि अदालत से कहा कि वह सीबीआई की याचिका के खिलाफ कविता के आवेदन पर अपनी दलीलें देना चाहेंगे। इस मामले में अगली सुनवाई 26 अप्रैल को होगी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में कविता को 15 मार्च को गिरफ्तार किया था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article