Brajbhushan Sharan Singh: बीजेपी नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स कथित तौर पर उनसे कहता सुनाई दे रहा है, “कल रात मैंने सपना देखा कि आपका चुनाव चिन्ह साइकिल है।” इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बृजभूषण शरण सिंह से बातचीत के दौरान उनके चुनाव चिन्ह को लेकर ‘साइकिल’ का जिक्र करता है। साइकिल समाजवादी पार्टी का चुनाव चिन्ह है। वीडियो सामने आने के बाद इसे समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव से जोड़कर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं।
बृजभूषण सिंह और अखिलेश यादव के बीच अच्छे रिश्तों की चर्चा
गौरतलब है कि पिछले दिनों बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच रिश्तों को लेकर बयान सामने आए थे। अखिलेश यादव ने कहा था कि बृजभूषण सिंह के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। वहीं, बृजभूषण सिंह भी कई मौकों पर अखिलेश यादव के साथ अपने रिश्तों को अच्छा बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अखिलेश उनके खिलाफ कुछ नहीं बोलते और वह भी उनके खिलाफ कुछ नहीं कहते। बृजभूषण सिंह ने यहां तक कहा था कि अखिलेश यादव के बिना इंडिया गठबंधन में सब कुछ सूना है।
सपा से राज्यसभा टिकट मिलने की भी चली थी चर्चा
राज्यसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर ऐसी अटकलें भी सामने आई थीं कि बृजभूषण शरण सिंह को समाजवादी पार्टी की ओर से राज्यसभा भेजा जा सकता है। हालांकि, यह चर्चा महज अटकलों तक ही सीमित रही। अखिलेश यादव या बृजभूषण शरण सिंह की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा या पुष्टि सामने नहीं आई थी। बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह बीजेपी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद रहे हैं। वे कैसरगंज लोकसभा सीट से कई बार सांसद रह चुके हैं। उनका नाम उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से चर्चा में रहा है।
