भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी है। भाजपा ने बिहार से उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। वर्तमान में वे बिहार की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से भाजपा उन्हें दिल्ली की राजनीति में सक्रिय करने में लगी है। हालिया बजट सत्र में भी चर्चा के दौरान उनको संसद में देखा गया था। अब जब वे राज्यसभा के लिए भी चुन लिए जाएंगे तो पूरा देश उन्हें संसद में बोलते हुए सुनेगा। वहीं, बिहार से ही भाजपा नेता शिवेश कुमार को भी राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। वे बिहार भाजपा के महासचिव हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि उम्मीदवारों के नामों को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंजूरी दे दी है।
पार्टी में कद बढ़ाने की कवायद
नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के समय नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री थे, हालांकि जब उन्हें पार्टी का कार्यकारी अक्ष्यक्ष चुना गया तो उन्होंने मंत्री पद त्याग दिया। अब जबकि उन्हें राज्यसभा भेजा जा रहा है तो इसे पार्टी में उनका कद बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
नितिन नवीन के अलावा आठ और उम्मीदवारों के नामों का एलान
नितिन नवीन के अलावा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा चुनाव के लिए आठ अन्य उम्मीदवारों की सूची भी जारी की है,जिसमें पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष राहुल सिन्हा और छत्तीसगढ़ इकाई की उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा को क्रमशः इन राज्यों से उम्मीदवार बनाया गया है।
असम के पीडब्लू मंत्री जोगेन मोहन और विधायक तेरश गोवाला राज्य से संसद के उच्च सदन के चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार होंगे। भाजपा ने आगामी चुनाव के लिए ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और मौजूदा राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार को भी राज्य से उम्मीदवार बनाया है।पार्टी के पूर्व लोकसभा सांसद संजय भाटिया हरियाणा से उम्मीदवार होंगे।
