पणजी: Goa से दिल्ली जा रही IndiGo की एक फ्लाइट के इंजन में खराबी की सूचना के बाद उसकी वापस गोवा में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। सूत्रों के मुताबिक, विमान ने आज यानी मंगलवार 1 सितंबर को गोवा के MOPA Airport से उड़ान भरी थी और तकनीकी समस्या सामने आने के बाद पायलटों ने विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का फैसला किया।
जानकारी के अनुसार, IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 ने गोवा से दिल्ली के लिए सुबह 9:16 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन में खराबी की जानकारी मिली। इसके बाद विमान को अपने गंतव्य दिल्ली ले जाने के बजाय वापस गोवा लाया गया।
MOPA Airport पर फुल इमरजेंसी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए MOPA Airport पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई। एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी आपातकालीन इंतजाम किए गए।
सूत्रों ने बताया कि विमान में इंजन संबंधी समस्या की रिपोर्ट की गई थी। हालांकि, इंजन में किस तरह की तकनीकी खराबी आई और विमान को वापस लौटने की जरूरत क्यों पड़ी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
IndiGo का आधिकारिक बयान
इस संबंध में इंडिगो की तरफ से बयान में कहा गया है कि विमान के टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खामी के बारे में पता चल गया था। इसके बाद SOP के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया। पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा। विमान की तकनीकी जांच जारी है और आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही उड़ानें बहाल होंगी।
IndiGo ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए जलपान, समय पर अपडेट और गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। कंपनी ने कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विमानन क्षेत्र में उड़ान के दौरान इंजन संबंधी तकनीकी समस्या को गंभीर स्थिति माना जाता है। ऐसे मामलों में पायलट निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत विमान को नजदीकी उपयुक्त एयरपोर्ट पर वापस लाने या उतारने का निर्णय लेते हैं।
