देश

'दिल्ली में अराजकता फैलाने की साजिश', जंतर-मंतर पर राहुल-प्रियंका के प्रदर्शन के बाद BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का हमला

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन और हंगामे को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है।

Image

जंतर-मंतर पर घमासान के बाद BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा हमला

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के तीखे विरोध और संसद से लेकर जंतर-मंतर तक हुए भारी हंगामे के बीच देश की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन और पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा कि कांग्रेस नेतृत्व को यह अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि असामाजिक तत्वों के दम पर दिल्ली में अराजकता का माहौल बनाने की कोई भी कोशिश कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट सुधार की SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के जरिए अवैध घुसपैठियों के नाम हटाए जाने पर सवाल उठाकर कांग्रेस और विपक्षी दल अपनी राष्ट्रविरोधी सोच को उजागर कर रहे हैं। नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस को देश के आम नागरिकों की नहीं, बल्कि अपने वोट बैंक और अवैध घुसपैठियों की चिंता है।

जंतर-मंतर पर भारी अफरा-तफरी का बना माहौल

इससे पहले बुधवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर उस वक्त भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में विपक्षी नेता मार्च निकालते हुए प्रदर्शन करने पहुंचे। चुनाव प्रक्रिया में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए विपक्ष के नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

पुलिस कार्रवाई का नेताओं ने किया विरोध

प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस ने विपक्षी सांसदों को रोकने और हटाने की कोशिश की, तो बेहद नाटकीय दृश्य देखने को मिले। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा जंतर-मंतर की सड़क पर ही बैठ गईं, जबकि राहुल गांधी और अन्य पार्टी समर्थक पुलिस की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध करते दिखे। हालांकि, पुलिस ने भारी सुरक्षा बलों के बीच कई प्रमुख नेताओं को मौके से हटाकर हिरासत में ले लिया।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article