देश

BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव:सभी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष और सीनियर लीडर्स की मौजूदगी में नितिन नवीन करेंगे नामांकन

BJP National President Election:भाजपा के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, इस पद के लिए नामांकन सोमवार को अपराह्न दो बजे से चार बजे तक दाखिल किए जाएंगे।

Image

नितिन नवीन करेंगे नामांकन (फोटो:canva)

BJP National President Election: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया के लिए पार्टी के प्राय: सभी मुख्यमंत्री, प्रदेश इकाइयों के प्रमुख और अन्य प्रमुख नेता 19 जनवरी यानी सोमवार को दिल्ली भाजपा मुख्यालय में एकत्रित होंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की संभावना है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी नेतृत्व इस पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का समर्थन कर रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, इस पद के लिए नामांकन सोमवार को अपराह्न दो बजे से चार बजे तक दाखिल किए जाएंगे और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दिन नए पार्टी अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।सूत्रों के मुताबिक नामांकन पत्रों की जांच 19 जनवरी को शाम चार एवं पांच बजे के बीच की जाएगी। नामांकन उसी दिन शाम पांच एवं छह बजे के बीच वापस लिए जा सकते हैं।

नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे

भाजपा के एक सूत्र ने बताया, 'हमारे लगभग सभी मुख्यमंत्री इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, भाजपा के सभी प्रदेश इकाई अध्यक्ष और पार्टी के अन्य प्रमुख नेता भी यहां मौजूद रहेंगे।' बिहार से पांच बार विधायक रह चुके और हाल में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए नवीन सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

प्रक्रिया की देखरेख पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी द्वारा की जाती है

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से मिलकर बने निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। इस प्रक्रिया की देखरेख पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी द्वारा की जाती है।भाजपा के संविधान के अनुसार, किसी राज्य के निर्वाचक मंडल के कोई भी 20 सदस्य संयुक्त रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए ऐसे व्यक्ति का नाम प्रस्तावित कर सकते हैं, जो चार कार्यकाल तक सक्रिय सदस्य रहा हो और जिसकी सदस्यता के पंद्रह वर्ष पूरे हो चुके हों।

'जरूरत पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान होगा'

पार्टी संविधान के मुताबिक ऐसा संयुक्त प्रस्ताव कम से कम पांच राज्यों से आना चाहिए जहां राष्ट्रीय परिषद के लिए चुनाव संपन्न हो चुके हैं। पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान होगा और उसी दिन भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article