Assam CM : असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक बार फिर कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला है। सरमा ने कहा कि राम मंदिर बनवाकर पीएम नरेंद्र मोदी ने चुनाव जीता। यदि आप भी राम मंदिर बनवाते तो आपकी जीत हो जाती। असम के सीएम ने कहा कि राम मंदिर बनवाने से हमने आपको रोका नहीं था। अभी तक राहुल गांधी राम मंदिर में नहीं गया, नहीं जाओगे तो क्या सनातनी लोग तुमको वोट देगा? अमेरिका मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की हार पर सरमा ने कहा कि ट्रंप चुनाव हार गया, सुबह-सुबह राहुल गांधी को फोन किया मैं हार गया, उसने पूछा बताओ यहां मैं भी वोट चोरी का कैंपेन कैसे लॉन्च कर सकता हूं।
पूर्णिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सरमा ने अमेरिकी मध्यावधि चुनावों का जिक्र करते हुए तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव हारने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राहुल गांधी को फोन किया और पूछा कि 'वोट चोरी' का अभियान कैसे चलाया जाता है। सरमा ने कहा, 'राहुल गांधी लगातार हार की राजनीति का एक मॉडल बन गए हैं।' भाजपा के भविष्य पर बोलते हुए सरमा ने कहा कि जब तक सनातन धर्म का अस्तित्व है, तब तक देश में भाजपा फलती-फूलती रहेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व करते रहेंगे। उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि वे कल सुबह राम मंदिर जाएं, तो शायद दस लाख लोग उन्हें वोट दे दें।
'यह दिल की चोरी ही है'
सरमा ने कहा कि राहुल गांधी देश में एक नया तर्क लेकर आए हैं कि वोट चुराए जा रहे हैं। उनके अनुसार, देश में चोरी तो हो रही है, लेकिन वह वोटों की नहीं, बल्कि 'दिलों की चोरी' है। उन्होंने सवाल उठाया, 'अगर 500 साल तक राम मंदिर की जगह पर बाबरी मस्जिद खड़ी रही और उसे गिराकर राम मंदिर बनाया गया, तो क्या यह 'दिल की चोरी' है या नहीं?' उन्होंने सीमांचल, असम और बंगाल के हालात का हवाला देते हुए कहा कि अगर कोई बाबर और औरंगजेब के नाम हटाता है, तो उसे वोट चोरी कहेंगे या दिल की चोरी, इस पर उनका दृढ़ विश्वास है कि यह दिल की चोरी ही है।
'तो आपको पैराशूट से बांग्लादेश में उतार देंगे'
हमले को और तेज करते हुए सरमा ने कहा, 'चिंता मत कीजिए राहुल गांधी, मैं, सम्राट चौधरी और शुभेंदु अधिकारी मिलकर आपको बांग्लादेश में पैराशूट से उतार देंगे। वहां आप ज़रूर चुनाव जीत जाएंगे।' उन्होंने यह भी पूछा कि क्या राहुल गांधी अब तक अयोध्या के राम मंदिर गए हैं। सरमा ने कहा, 'अगर वे राम मंदिर नहीं जाएंगे, तो क्या सनातनी लोग अगली बार उन्हें वोट देंगे? अगर नहीं देंगे, तो उनकी हार तय है। वे खुद हारने की बात कर रहे हैं, फिर भी कहते हैं कि वोट चोरी हो रहे हैं।'
जनता मोदी के साथ खड़ी है-सरमा
पदयात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में सरमा ने प्रधानमंत्री मोदी में जनता के भरोसे पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा, 'जब तक मोदी जी दिल चुराते रहेंगे, तब तक वोट चोरी आंदोलन की कोई वैल्यू नहीं होगी। लोगों में भारी उत्साह है। जनता मोदी जी के साथ खड़ी है और उसने राहुल को सौ बार और हराने का संकल्प लिया है।'
