Babulal Marandi On CM Hemant Soren News: भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमकर खरी खोटी सुनाई है। उन्होंने ईडी के छठे समन पर बड़ा निशाना साधा और राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन से सीएम सोरेन को बर्खास्त करने का आग्रह किया।
हेमंत सोरेन पर बाबूलाल मरांडी का तीखा प्रहार
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अब पानी सिर के ऊपर बहने लगा है। इसलिए मुख्यमंत्री को सलाह है कि वे बिना देर किए ईडी द्वारा जारी छठे समन का सम्मान करें और बिना देर किए ईडी के सवालों का जवाब देने जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि राज्य का मुख्यमंत्री कानून का पालन नहीं करेगा तो फिर आम आदमी से इस संबंध में उम्मीद नही की जा सकती।
राज्यपाल से मुख्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री बार बार मीडिया के सामने अपने को बेदाग बताते हैं, तो फिर इस भ्रम को दूर करने का उनको ईडी बार-बार अवसर दे रही। उन्हें ईडी कार्यालय में जाकर अपना पक्ष विस्तार से रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो कानून को हाथ में लेता है, उसे ठेंगा दिखाता है उसके साथ वैसा ही व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने महामहिम राज्यपाल से अनुरोध करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कानून का पालन नहीं करते तो सख्त कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री को बर्खास्त करना चाहिए।
