देश

राजस्थान के नए CM पर फैसला मंगलवार को, BJP ने विधायकों को जयपुर बुलाया

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Dec 11, 2023, 06:03 PM IST

Rajasthan BJP Meeting: राज्य में 200 में से 199 सीट के लिए हुए चुनाव के परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किए गए। भाजपा को 115 सीट पर जीत के साथ बहुमत मिला है। इसके बाद से ही सीएम के नाम पर मंथन जारी है।

Image

वसुंधरा राजे

Photo : PTI

Rajasthan BJP Meeting: भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक मंगलवार को होगी जिसमें आगामी मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला हो सकता है। पार्टी के विधायकों को कल होने वाली बैठक की जा नकारी दी गई है। विधायक किरोड़ी लाल मीणा, वासुदेव देवनानी और जोगेश्वर गर्ग सहित अनेक विधायक सोमवार को यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे। गर्ग ने कहा कि पार्टी के पर्यवेक्षक कल आएंगे और विधायकों से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह एक औपचारिक बैठक होगी जिसके बाद मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।

विधायकों को जयपुर बुलाया

राजस्थान में नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर चल रही उठापटक के बीच भाजपा ने अपने सभी विधायकों को मंगलवार को जयपुर में जुटने को कहा है। मंगलवार सुबह बैठक में पर्यवेक्षक और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। इस बीच सरोज पांडे और विनोद तावड़े सोमवार रात तक जयपुर पहुंचेंगे। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा दफ्तर में सुबह करीब 11 बजे विधायक दल की बैठक शुरू होगी। पहले विधायकों से वन-टू-वन बातचीत होगी जिसके बाद लंच के बाद मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। इस बीच सोमवार को वरिष्ठ विधायक कालीचरण सराफ, प्रताप सिंह सिंघवी, बाबू सिंह राठौड़, जसवन्त यादव, पूर्व विधायक अशोक परनामी, राजपाल सिंह शेखावत और प्रह्लाद गुंजल पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बंगले पर पहुंचे।

वसुंधरा से कई विधायकों की मुलाकात

मीणा ने कहा कि पार्टी विधायकों को कल होने वाली विधायक दल की बैठक के बारे में सूचित कर दिया गया है। कई विधायकों के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से उनके आवास पर मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर मीणा ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद 17 विधायकों ने उनसे भी मुलाकात की है, लेकिन इस तरह की गतिविधियां गुटबाजी नहीं हैं। राज्य में 200 में से 199 सीट के लिए हुए चुनाव के परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किए गए। भाजपा को 115 सीट पर जीत के साथ बहुमत मिला है।

बता दें कि राजे को मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों में शामिल माना जा रहा है। पार्टी के कई विधायकों ने पिछले हफ्ते सोमवार और मंगलवार को राजे से मुलाकात की थी। बाद में राजे दिल्ली गईं और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। रविवार को यहां कुछ विधायकों ने फिर उनसे मुलाकात की।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article