Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल दक्षिण भारत के राज्यों में चल रही है। राहुल गांधी इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं और इन दिनों आंध्र प्रदेश में हैं। इसी दौरान राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस के कार्यकर्ता उनसे काले होने के बारे में पूछ रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी कह रहे हैं कि उनकी मां यानि कि सोनिया गांधी ने सनस्क्रीन क्रीम भेजे हैं, लेकिन वो लगाते नहीं हैं।
वीडियो यात्रा के 40वें दिन की बताई जा रही है। तब भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक के बेल्लारी पहुंची थी। इसी दिन राहुल गांधी ने साथ चलने वाले यात्रियों के साथ मजेदार बातचीत की। जब उनसे पूछा गया कि वह किस सनस्क्रीन का इस्तेमाल करते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया- "मां ने मुझे एक सनस्क्रीन भेजा है, लेकिन मैं उसका इस्तेमाल नहीं करता हूं।"
इस दौरान राहुल गांधी अपनी टीशर्ट को भी बांह के ऊपर उठाते दिखे, ताकि वो अपनी स्कीन का कलर लोगों को दिखा सकें। इस बीच एक लड़की बोलती है- 'टैनिंग दिख रही है सर'। इसके बाद राहुल समेत सभी यात्री हंसने लगते हैं।
पदयात्रियों के साथ इस मजेदार बात के साथ ही राहुल बीजेपी पर आक्रमक दिखते हैं। राहुल ने कहा-"वे सोचते हैं कि वे सभी संस्थानों पर कब्जा कर लेंगे, देश चुप हो जाएगा। वे गलत धारणा के तहत है। यह देश कभी चुप नहीं होगा, यह देश लड़ेगा।" अपनी यात्रा को लेकर उन्होंने कहा- "हमारे लिए सड़क पर चलने और जनता से मिलने के अलावा कोई चारा नहीं था। रास्ता ही नहीं है।"
