देश

सूचना सेठ ने भी किया था आत्महत्या का प्रयास...फिर बदल गया मन, एक गलती और गिरफ्तार हो गई AI एक्सपर्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 9, 2024, 06:14 PM IST

Goa Murder case: पुलिस के सूत्रों के मिली जानकारी के मुताबिक, सूचना सेठ ने गोवा के एक होटल में पहले अपने 4 साल के बेटे को मौत के घाट उतारा। इसके बाद उसने अपना बायां हाथ काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की है, लेकिन बाद में उसका मन बदल गया।

Image

पुलिस की गिरफ्त में सूचना सेठ

Photo : PTI

Goa Murder case: गोवा में दिल दहला देने वाली घटना में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि द माइंडफुल एआई लैब कंपनी की सीईओ सूचना सेठ ने भी आत्महत्या का प्रयास किया था। हालांकि, बाद में उसका मन बदल गया और वह गोवा से बेंगलुरू के लिए टैक्सी में निकल पड़ी। गोवा से बेंगलुरू तक टैक्सी के लिए उसने 30 हजार रुपये का बड़ा भुगतान भी किया था।

पुलिस के सूत्रों के मिली जानकारी के मुताबिक, सूचना सेठ ने गोवा के एक होटल में पहले अपने 4 साल के बेटे को मौत के घाट उतारा। इसके बाद उसने अपना बायां हाथ काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की है, लेकिन बाद में उसका मन बदल गया। इसके बाद उसने अपने बेटे के शव को एक बड़े बैग में डाला और टैक्सी करके बेंगलुरू चली गई। हालांकि, पुलिस को अभी भी सटीक मकसद का पता नहीं चला है, लेकिन पूछताछ में यह बात जरूरी सामने आई है कि उसके अपने पति के साथ संबंध बेहद तनावपूर्ण थे।

बेटे के साथ पहुंची थी गोवा

सूचना सेठ अपने बेटे के साथ 6 जनवरी को गोवा पहुंची थी और एक होटल में कमरा लिया। 7-8 जनवरी की रात को उसने चेक आउट कर होटल स्टाफ से बेंगलुरू जाने के लिए टैक्सी का इंतजाम करने को कहा। स्टाफ ने टैक्सी का इंतजाम कर दिया, जिसके बाद सोमवार देर रात करीब 1 बजे वह अकेले ही होटल से बाहर निकली। बाद में सफाई के दौरान, हाउसकीपिंग स्टाफ को उसके कमरे में खून के धब्बे मिले, जिसके तुरंत बाद गोवा पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया गया। हाउस कीपिंग स्टाफ ने पुलिस को यह भी बताया कि सूचना सेठ अपने 4 साल के बेटे के साथ यहां पहुंची थी, लेकिन वापस जाते समय बेटा उनके साथ नहीं था।

पुलिस को हुआ सूचना की कहानी पर शक

पुलिस ने सूचना सेठ को फोन कर खून के धब्बे और बेटे के बारे में पूछा, जिसके बाद उसने बताया कि उसके पीरियड्स की वजह से कमरे में खून के धब्बे लगे और उसका बेटा उसके दोस्त के घर पर है। हालांकि, पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर को नजदीकी पुलिस स्टेशन जाने को कहा। इधर, गोवा पुलिस की एक टीम भी महिला के पीछे भेजी गई। पुलिस ने जब महिला के बैग को चेक किया तो उसमें बेटे का शव बरामद हो गया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article