देश

अंकिता भंडारी हत्याकांड: CBI अधिकारियों से मिले पीड़ित माता-पिता, निष्पक्ष जांच का मिला भरोसा

अंकिता भंडारी के पिता वीरेन्द्र सिंह भंडारी एवं माता सोनी देवी ने सीबीआई मुख्यालय, दिल्ली में वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट की। इस दौरान, सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें प्रकरण के सभी पहलुओं का समुचित परीक्षण करते हुए विवेचना निष्पक्ष एवं न्यायसंगत ढंग से करने का आश्वासन दिया।

Image

CBI अधिकारियों से मिले पीड़ित माता-पिता

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित ‘VIP’ की भूमिका की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पीड़िता के माता-पिता को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। शुक्रवार को अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।

CBI के प्रवक्ता के मुताबिक, विशेष निदेशक मनोज शशिधर और संपत मीणा ने अंकिता के माता-पिता को आश्वस्त किया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जाएगी और जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ेगी।

पूर्व BJP विधायक के नार्को टेस्ट की मांग

परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता ने CBI निदेशक को लिखित आवेदन देकर पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो और वीडियो क्लिप साझा किए थे, जिनके बारे में उन्होंने दावा किया था कि उनमें विधायक के साथ बातचीत दर्ज है और हत्याकांड में एक कथित ‘VIP’ की भूमिका की ओर इशारा किया गया है। अंकिता के माता-पिता से CBI अधिकारियों की मुलाकात के दौरान उत्तराखंड के गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से BJP सांसद अनिल बलूनी भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री धामी की सिफारिश पर CBI जांच

इससे पहले, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता के माता-पिता की मांग के बाद मामले की CBI जांच की सिफारिश की थी। परिवार ने सुप्रीम कोर्ट के किसी न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की मांग भी की थी। जिसके बाद CBI ने कथित VIP की भूमिका की जांच के लिए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एजेंसी की FIR में सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो और वीडियो सामग्री का उल्लेख है। इसमें आरोप लगाया गया है कि हत्याकांड से जुड़े कुछ अज्ञात लोगों की भूमिका हो सकती है और मामले में कुछ साक्ष्य छिपाए जाने या नष्ट किए जाने के दावे भी सामने आए हैं।

2022 में हुई थी अंकिता की हत्या

19 वर्षीय अंकिता भंडारी उत्तराखंड के पौड़ी जिले में स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं। सितंबर 2022 में उनका शव ऋषिकेश के पास मिला था। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को दोषी ठहराया गया था। तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है।

हाल के दिनों में उर्मिला सनावर की ओर से कथित VIP की भूमिका को लेकर किए गए दावों और सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो-वीडियो क्लिप के बाद मामले की दोबारा चर्चा तेज हुई है। CBI अब उन आरोपों की जांच कर रही है जो दोषियों को सजा मिलने के बावजूद कथित VIP की भूमिका और संभावित साक्ष्य छिपाए जाने से संबंधित हैं। इन दावों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article