शहर

रातभर की हिरासत के बाद नेहा बोरा पुलिस कस्टडी से रिहा, अभिजीत दिपके गिरफ्तार, आज SEM कोर्ट में होगी पेशी

Delhi News: दिल्ली में आइसा (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में लिए जाने के बाद कानूनी टीम और राजनीतिक नेताओं का भारी हंगामा रातभर चला। फिलहाल नेहा बोरा को रिहा कर दिया है, वहीं दिपके की गिरफ्तारी हो गई है।

Image

शुक्रवार शाम को हिरासत में लिए गए दोनों कार्यकर्ता

Photo : PTI

Delhi News: राजधानी दिल्ली में छात्र कार्यकर्ताओं और राजनीतिक प्रतिनिधियों की धरपकड़ और कस्टडी को लेकर देर रात भारी ड्रामा और कानूनी तनातनी देखने को मिली। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद देर रात तक उनके वकीलों, समर्थकों और वामपंथी नेताओं ने पुलिस स्टेशनों पर डेरा डाले रखा। एक तरफ जहां आइसा की कानूनी टीम ने दिल्ली पुलिस पर हिरासत के नियमों और प्रक्रियाओं के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है, वहीं दूसरी तरफ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें अपने नेता की लोकेशन तक की आधिकारिक जानकारी नहीं दी जा रही है। हालांकि ताजा जानकारी के मुताबिक नेहा बोरा को शनिवार सुबह रिहा कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने ये जानकारी दी है कि अभिजीत दिपके को गिरफ्तार कर लिया गया है, आज उन्हें SEM (Special Executive Magistrate) कोर्ट में पेश किया जाएगा।

मेडिकल जांच के नाम पर अंधेरे में रखने का आरोप

शुक्रवार देर रात आरके पुरम और पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पर घमासान चलता रहा। दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में लेकर आरके पुरम पुलिस स्टेशन लाया गया था। आइसा और नेहा बोरा की पैरवी कर रहे वकील एडवोकेट आदित्य कृष्णा ने तड़के 3 बजे मीडिया से बातचीत में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि रात के 3 बज रहे हैं और हम अभी भी किसी भी महत्वपूर्ण या तथ्यात्मक अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। हमें केवल इतना बताया गया कि वह यहां हैं और उनका मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है। वकीलों और दोस्तों को उनसे मिलने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हमें नहीं पता कि उनके खिलाफ क्या धाराएं लगाई गई हैं, FIR दर्ज की गई है या नहीं। यह बंदियों के अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन है।

नेहा बोरा के एक अन्य कानूनी प्रतिनिधि एडवोकेट सुपंथा सिन्हा ने बताया कि नेहा को शाम करीब 5:00 बजे ही हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन उनकी सही लोकेशन परिजनों और वकीलों को रात 10:30 बजे जाकर बताई गई। फिलहाल उनकी रिहाई हो गई है।

5 घंटे की मशक्कत के बाद दोस्त को मिली इजाजत

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की छात्रा और आइसा कार्यकर्ता अंजली ने बताया कि लगभग 4 से 5 घंटे के कड़े विरोध और बातचीत के बाद पुलिस ने नेहा बोरा की एक दोस्त को अंदर जाकर मिलने की अनुमति दी। अंजली के अनुसार, पिछले 4-5 दिनों से नेहा की तबीयत खराब चल रही है और उन्हें तुरंत मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत है, जो पुलिस द्वारा उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। हालांकि, उनकी दोस्त ने अंदर से आकर बताया कि सेहत खराब होने के बावजूद वह मानसिक रूप से ठीक हैं।

अभिजीत दिपके गिरफ्तार, आज होगी पेशी

इसी बीच, 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की हिरासत को लेकर भी पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में असमंजस की स्थिति बनी रही। सीजेपी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने पुलिस स्टेशन के बाहर बताया कि, हम पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन आए हैं। हमारे संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में लिए हुए 8 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस हमें यह नहीं बता रही है कि वे कहां हैं। न तो किसी वकील को उनसे मिलने दिया जा रहा है और न ही हमारी टीम को। थाने पर हमें सिर्फ इतना कहा गया कि वे इस थाने में मौजूद नहीं हैं और हमें उस इलाके के थाने में संपर्क करना चाहिए जहां से उन्हें उठाया गया था। पुलिस ने ताजा जानकारी दी है कि अभिजीत दिपके को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है और उन्हें आज SEM कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें