सीने में संक्रमण की शिकायत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण और उम्र संबंधी स्वास्थ्य चुनौतियों के बाद अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाजपा नेता को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। हालांकि, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।बताया जा रहा है कि 98 वर्षीय आडवाणी को शुक्रवार शाम लगभग 7:30 बजे अस्पताल लाया गया। उन्हें पल्मोनरी डिपार्टमेंट में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।
कौन हैं लालकृष्ण आडवाणी?
भारत रत्न आडवाणी का जन्म 8 नवम्बर 1927 में पाकिस्तान के कराची में एक सिंधी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम किशन चंद और माता का नाम ज्ञानी देवी था और उनकी एक छोटी बहन भी हैं। आडवाणी ने फरवरी 1965 में कमला आडवाणी से विवाह किया था। दंपति के दो बच्चे हैं। कराची में जन्में आडवाणी भारत के विभाजन के बाद दिल्ली आ गए थे। छात्र जीवन की शुरुआत से ही आडवाणी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ गए। बाद में वह भारतीय जनसंघ और फिर भाजपा के प्रमुख नेताओं में शामिल हुए।
लालकृष्ण आडवाणी का राजनीतिक सफर:
- 1936–1942: कराची के सेंट पैट्रिक्स स्कूल में पढ़ाई की। उन्होंने दसवीं कक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया।
- 1942: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े। इसी वर्ष भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान गिडूमल नेशनल कॉलेज में दाखिला लिया।
- 1944: कराची के मॉडल हाई स्कूल में शिक्षक के रूप में काम करना शुरू किया।
- 12 सितंबर 1947: भारत के विभाजन के बाद सिंध से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
- 1947–1951: अलवर, भरतपुर, कोटा, बूंदी और झालावाड़ में RSS के संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाया।
- 1957: अटल बिहारी वाजपेयी की सहायता के लिए दिल्ली आए।
- 1958–1963: दिल्ली प्रदेश भारतीय जनसंघ में सचिव की जिम्मेदारी संभाली।
- 1960–1967: जनसंघ से जुड़े प्रकाशन ऑर्गनाइजर में काम किया।
- 25 फरवरी 1965: कमला आडवाणी से विवाह किया। उनके दो बच्चे हैं- बेटी प्रतिभा और बेटा जयंत।
- अप्रैल 1970: पहली बार राज्यसभा के सदस्य बने।
- दिसंबर 1972: भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष नियुक्त किए गए।
- 26 जून 1975: आपातकाल के दौरान बेंगलुरु में गिरफ्तार किए गए और जेल में बंद रहे।
- मार्च 1977–जुलाई 1979: जनता पार्टी सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री रहे।
- 1980–1986: भाजपा के महासचिव के रूप में कार्य किया।
- मई 1986: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।
- 3 मार्च 1988: दोबारा पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
- 1988: सरकार में बने गृह मंत्री।
- 1990: सोमनाथ से अयोध्या तक राम रथ यात्रा शुरू की।
- 1997: भारत की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती के अवसर पर स्वर्ण जयंती रथ यात्रा निकाली।
- अक्टूबर 1999–मई 2004: केंद्र की NDA सरकार में गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली।
- जून 2002–मई 2004: भारत के उपप्रधानमंत्री रहे।
- 2024: सार्वजनिक जीवन में योगदान के लिए भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए गए।
PM मोदी ने आडवाणी का लिया था आशीर्वाद
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य और केंद्र सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने के मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।
