Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली शराब नीति घोटाले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। उनके पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी जेल में हैं। अब इसी मामले में ईडी ने एक और गिरफ्तारी की है। रिपोर्ट्स के अनुसार जिस शख्स को ईडी ने गिरफ्तार किया है, वो गोवा विधानसभा चुनाव के दौरान आप के मैनेजमेंट में शामिल था। उसी के पास कमान थी।
चनप्रीत सिंह गिरफ्तार
पीटीआई के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में चनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने गोवा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के कोष का कथित तौर पर ‘‘प्रबंधन’’ किया था। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
ईडी हिरासत में आरोपी
सूत्रों ने बताया कि सिंह को धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 12 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था और अगले दिन यहां की एक विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया। सूत्रों ने बताया कि अदालत ने सिंह को 18 अप्रैल तक ईडी हिरासत में भेज दिया।
दिल्ली शराब घोटाले में अबतक 17 गिरफ्तार
ईडी द्वारा इस मामले में यह 17वीं गिरफ्तारी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस मामले में पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं। ईडी का दावा है कि जो पैसे लिए गए उसे गोवा चुनाव में खर्च किया गया था। इसकी ाजानकारी केजरीवाल को थी।
गोवा चुनाव में अहम भूमिका
चनप्रीत सिंह को पहले इसी मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी गिरफ्तार किया था। धन शोधन का मामला सीबीआई की प्राथमिकी पर आधारित है। ईडी ने अदालत को सूचित किया है कि चनप्रीत सिंह ने 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव के दौरान आप के प्रचार के लिए नकद भुगतान का ‘‘प्रबंधन’’ किया था और उनका पार्टी के साथ ‘‘जुड़ाव’’ है।
