देश

कौन रच रहा केजरीवाल की हत्या की साजिश? दिल्ली की मंत्री ने लगाया गंभीर आरोप; जानें सारा विवाद

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 18, 2024, 07:38 PM IST

Delhi News: दिल्ली की मंत्री आतिशी ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि ईडी के जरिए भाजपा उनकी सेहत को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। ईडी ने अदालत से कहा कि केजरीवाल डायबिटीज होने के बावजूद आम और मिठाई खा रहे।

Image

आतिशी ने भाजपा पर लगाया गंभीर आरोप।

Photo : Times Now Digital

ED vs AAP: अरविंद केजरीवाल की हत्या की साजिश रची जा रही है... ऐसा दिल्ली की मंत्री आतिशी का कहना है। उन्होंने दावा किया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जरिए भाजपा केजरीवाल की सेहत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है। दरअसल, बृहस्पतिवार को ईडी ने दिल्ली की अदालत में ये दावा किया कि डायबिटीज होने के बावजूद सीएम केजरीवाल जेल में मिठाई और आज खा रहे हैं। इसी के बाद विवाद गहरा गया है।

कौन केजरीवाल की हत्या की साजिश रच रहा?

आतिशी ने दावा किया है कि अरविंद केजरीवाल को जेल में घर का बना खाना नहीं मिले इसके प्रयास कर उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर का बना खाना न मिल सके इसकी कोशिश हो रही है, भाजपा ईडी के जरिए उनकी सेहत को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

ईडी पर अदालत में झूठ बोलने का लगाया आरोप

आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने ये दावा किया है कि ईडी ने अदालत में झूठ बोला है कि अरविंद केजरीवाल जेल में मीठी चाय पी रहे हैं और मिठाई खा रहे हैं। वह वैकल्पिक शर्करा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

कैसे शुरू हुआ विवाद, जानें सारा माजरा

आबकारी नीति घोटाला मामले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ‘टाइप 2’ मधुमेह होने के बावजूद हर दिन आम और मिठाई जैसे उच्च शर्करा वाले खाद्य पदार्थ खा रहे हैं ताकि चिकित्सा आधार पर उन्हें जमानत मिल सके। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को यहां की एक अदालत के समक्ष यह दावा किया। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और ईडी मामलों की विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा के समक्ष ईडी ने यह दावा किया।

न्यायमूर्ति बावेजा ने तिहाड़ जेल के अधिकारियों को केजरीवाल के आहार चार्ट सहित मामले में एक रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। केजरीवाल ने मधुमेह के स्तर में उतार-चढ़ाव के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपने डॉक्टर से परामर्श करने की अनुमति मांगने के लिए अदालत का रुख किया है। न्यायाधीश ने संबंधित अधिकारियों को कल तक रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। अदालत कल इस मामले पर दोबारा सुनवाई कर सकती है।

अदालत में प्रवर्तन निदेशालय ने क्या कहा?

ईडी ने अदालत से कहा कि टाइप 2 डायबिटीज होने के बावजूद अरविंद केजरीवाल उच्च शर्करा वाले खाद्य पदार्थ खा रहे हैं। वह प्रतिदिन आलू पूड़ी, आम, मिठाई खा रहे हैं। ऐसा चिकित्सा आधार पर जमानत पाने के लिए किया जा रहा है।’

चनप्रीत सिंह को 23 अप्रैल तक न्यायित हिरासत

इस बीच, न्यायाधीश ने चनप्रीत सिंह को 23 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। ईडी हिरासत की अवधि समाप्त होने पर सिंह को अदालत में पेश किया गया था। ईडी ने सोमवार को चनप्रीत सिंह को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था। चनप्रीत सिंह ने गोवा विधानसभा चुनाव के लिए ‘आप’ के कोष का कथित तौर पर प्रबंधन किया था।

ईडी ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी को ‘साउथ ग्रुप’ से रिश्वत के रूप में मिले 100 करोड़ रुपये का एक बड़ा हिस्सा गोवा राज्य चुनाव के लिए इस्तेमाल किया गया था।

मनीष सिसोदिया को अदालत से लगा झटका

न्यायाधीश ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत भी 26 अप्रैल तक बढ़ा दी। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश किए जाने के बाद न्यायाधीश ने सिसोदिया की हिरासत बढ़ा दी। मामले में सह-आरोपी एवं ‘आप’ के एक अन्य नेता संजय सिंह भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश हुए। इस मामले में संजय सिंह को हाल में सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी थी। कथित घोटाला मामले में सीबीआई द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के मामले में सिसोदिया की न्यायिक हिरासत भी 26 अप्रैल को समाप्त होगी।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया को 26 फरवरी, 2023 को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। ईडी ने उन्हें तिहाड़ जेल में पूछताछ के बाद नौ मार्च, 2023 को सीबीआई की प्राथमिकी से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था। सिसोदिया ने 28 फरवरी, 2023 को दिल्ली कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article