देश

NNM 2024: हमारे पास एक सेठ और एक खबरी था BJP ने दोनों को छीन लिया, अयोध्या जाने पर भी बोले अखिलेश

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 28, 2024, 03:17 PM IST

Navbharat Navnirman Manch 2024: नाविका कुमार के इस सवाल पर कि राम लला का दर्शन करने वह अयोध्या कब जाएंगे? इस पर अखिलेश ने पहले की तरह कहा कि जब उन्हें बुलावा आएगा तब जाएंगे अभी बुलावा आया नहीं है। सपा नेता ने कहा कि वह हिंदू और सनातनी हैं।

Image

नवभारत नवनिर्माण मंच पर अखिलेश यादव।

Navbharat Navnirman Manch 2024: राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) में हुई क्रास वोटिंग पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा कटाक्ष किया। अखिलेश ने कहा कि उनके पास एक खबरी था जो भाजपा की रणनीतियों को हमसे बताया करता था और एक हमारे पास बिल्डर सेठ था, इन दोनों को भाजपा ने हमसे ले लिया। हमें चिंता इस बात की है कि अब भाजपा की रणनीतियों का खुलासा अब हमसे कौन करेगा। सपा अध्यक्ष ने ये बातें टाइम्स नाउ नवभारत के कार्यक्रम नवभारत नवनिर्माण मंच पर कहीं।

किसी को अयोध्या जाने से मना नहीं किया-सपा अध्यक्ष

टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर और टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में अखिलेश ने अयोध्या जाने, तुष्टिकरण की राजनीति, पेपरलीक मामले में खुलकर अपनी बात रखी। सपा अध्यक्ष ने विकास कार्यों को लेकर भी यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा। अयोध्या में राम मंदिर का अब तक दर्शन नहीं करने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी के किसी भी नेता को अयोध्या जाने से मना नहीं किया। उनकी पार्टी के लोग अयोध्या गए हैं और अब भी जा रहे हैं।

जब बुलावा आएगा तो अयोध्या जाऊंगा-अखिलेश

नाविका कुमार के इस सवाल पर कि राम लला का दर्शन करने वह अयोध्या कब जाएंगे? इस पर अखिलेश ने पहले की तरह कहा कि जब उन्हें बुलावा आएगा तब जाएंगे अभी बुलावा आया नहीं है। सपा नेता ने कहा कि वह हिंदू और सनातनी हैं। वह सभी देवी-देवताओं को मानते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में मान्यता है कि देवी-देवता के दर्शन के लिए बुलावा आता है। अखिलेश ने कहा कि सवाल प्रभु राम का नहीं है। भाजपा के लोग राम मंदिर के जरिए राजनीति कर रहे हैं, उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए। जब बुलावा आएगा तो वह भी अयोध्या जाएंगे और राम लला का दर्शन करेंगे।

'पूजा पाल कहती थीं सपा नहीं छोड़ेंगी'

राज्यसभा के चुनाव में क्रास वोटिंग की वजह से सपा के तीसरे उम्मीदवार आलोक रंजन हार गए। इस हार पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि शहर का एक बड़ा बिल्डर हमारे पास था। बड़े मुश्किल से हमें एक सेठ मिले थे लेकिन भाजपा ने इन्हें भी हमसे छीन लिया। दूसरा एक हमें भाजपा की रणनीतियों की जानकारी देता था उसे भी ले लिया। अखिलेश ने कहा, 'मैं समझ नहीं पा रहा कि पूजा पाल सपा छोड़कर क्यों चली गईं। पिछली मुलाकात में उन्होंने कहा था कि वह सपा का साथ कभी नहीं छोड़ेगी।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article