Assam Police Battalion New Campus: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को असम पुलिस बटालियन के नए परिसर की आधारशिला रखी। इस दौरान, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सहित कई नेतागण मौजूद रहे। इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अगले पांच वर्षों में असम पूर्वी और पूर्वोत्तर क्षेत्र का औद्योगिक केंद्र बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि असम पुलिस की 10वीं बटालियन का नया परिसर घुसपैठियों के अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों के निवास की वजह से असम और पूरे देश की सुरक्षा को बहुत बड़ा खतरा था, क्योंकि इसी सड़क से एक्सप्रेस-वे जाने वाला है।
'घुसपैठियों से मुक्त हो सकता है भारत'
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार कहा था कि घुसपैठियों को बाहर निकाल दिया जाएगा, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं कर सकती, क्योंकि अवैध अप्रवासी उसका वोट बैंक हैं। उन्होंने आगे कहा कि अगर देश नक्सलियों से मुक्त हो सकता है, तो घुसपैठियों से भी मुक्त हो सकता है। गृह मंत्री ने कहा कि अतिक्रमण की गई जमीनों से घुसपैठियों को हटाना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें भारत से बाहर भी भेजना होगा।
शाह ने नक्सलवाद के खात्मे की बता दी डेडलाइन
इससे पहले, एक कार्यक्रम में अमित शाह ने देश से नक्सलवाद के पूरी तरह खात्मे की डेडलाइन बता दी। उन्होंने कहा था कि सरकार द्वारा निर्धारित 31 मार्च की समयसीमा तक देश से नक्सलवाद का खात्मा कर दिया जाएगा। पूर्वोत्तर में पहली बार आयोजित 87वीं सीआरपीएफ दिवस परेड को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि जम्मू कश्मीर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जहां पत्थरबाजी की घटनाओं की संख्या घटकर शून्य हो गई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा मणिपुर में जातीय हिंसा से निपटने और केवल तीन वर्षों में माओवादियों की कमर तोड़ने के लिए भी सीआरपीएफ को तैनात किया गया।
