देश

'राष्ट्र किसी एक देवी-देवता का नहीं', ओवैसी ने ‘वंदे मातरम’ को 'राष्ट्रगान' के बराबर दर्जा देने पर जताई आपत्ति

Vande Mataram Controversy: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के बराबर दर्जा देने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि यह गीत धार्मिक भावनाओं से जुड़ा है और इसे राष्ट्रगान के समान नहीं माना जा सकता।

Image

वंदे मातरम और जन गण मन की तुलना पर बीजेपी-ओवैसी आमने-सामने

Vande Mataram Controversy: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने केंद्र सरकार के उस फैसले पर आपत्ति जताई है, जिसमें ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समान वैधानिक संरक्षण देने की बात कही गई है। ओवैसी का कहना है कि वंदे मातरम को राष्ट्रगान के बराबर नहीं माना जा सकता, क्योंकि यह एक देवी को समर्पित गीत है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत किसी एक धर्म या देवी-देवता के नाम पर नहीं चलता। उनके अनुसार, राष्ट्र सभी लोगों से मिलकर बनता है और संविधान भी इसी बात को महत्व देता है।

संविधान की प्रस्तावना “हम भारत के लोग”

ओवैसी ने कहा कि ‘जन गण मन’ देश और उसके लोगों का सम्मान करता है, जबकि वंदे मातरम को धार्मिक दृष्टि से देखा जाता है। ओवैसी ने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि इसकी प्रस्तावना “हम भारत के लोग” शब्दों से शुरू होती है, न कि किसी देवी के नाम से। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान हर नागरिक को विचार, अभिव्यक्ति और पूजा की स्वतंत्रता देता है। उनका कहना था कि संविधान सभा में भी प्रस्तावना को किसी देवी या ईश्वर के नाम से शुरू करने के सुझाव दिए गए थे, लेकिन उन्हें स्वीकार नहीं किया गया।

बीजेपी ने ओवैसी के बयान का किया विरोध

इसके साथ ही ओवैसी ने दावा किया कि वंदे मातरम के लेखक ब्रिटिश शासन के प्रति नरम रुख रखते थे और मुसलमानों के प्रति उनके विचार अच्छे नहीं थे। उन्होंने यह भी कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और रवींद्रनाथ टैगोर जैसे नेताओं ने भी इस गीत को लेकर अलग राय रखी थी। वहीं बीजेपी ने ओवैसी के बयान का विरोध किया है। तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन रामचंदर राव (N Ramchander Rao) ने कहा कि AIMIM हर सांस्कृतिक प्रतीक को धार्मिक नजरिए से देखती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति समाज में विभाजन पैदा करती है। ओवैसी के बयान के बाद ‘वंदे मातरम’ को लेकर एक बार फिर देश में राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article