देश

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर पत्नी सुनीता की आई पहली प्रतिक्रिया, पीएम मोदी पर किया प्रहार

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 22, 2024, 06:54 PM IST

Arvind Kejriwal Arrested: अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने अपने पति और दिल्ली के सीएम की गिरफ्तारी के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसके लिए पीएम मोदी को जिम्मेदार ठहराया है। और कहा है कि आपके मुख्यमंत्री हमेशा आपके साथ खड़े रहें हैं। आपको बताते हैं कि सुनीता ने क्या कुछ कहा।

Image

पति की गिरफ्तारी पर क्या बोली सुनीता केजरीवाल?

Photo : Times Now Digital

Sunita Kejriwal First Reaction On CM Kejriwal Arresting: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करके देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि केजरीवाल को मोदी के अहंकार ने ही गिरफ्तार करवाया है। आपको बताते हैं कि सुनीता ने क्या कुछ कहा।

गिरफ्तारी पर क्या बोलीं CM केजरीवाल की पत्नी सुनीता?

सुनीता केजरीवाल ने अपने पोस्ट में लिखा कि 'आपके 3 बार चुने हुए मुख्यमंत्री को मोदीजी ने सत्ता के अहंकार में गिरफ्तार करवाया। सबको क्रश (crush) करने में लगे हैं। यह दिल्ली के लोगो के साथ धोखा है। आपके मुख्यमंत्री हमेशा आपके साथ खड़े रहें हैं। अंदर रहें या बाहर, उनका जीवन देश को समर्पित है। जनता जनार्दन है सब जानती है। जय हिन्द'

केजरीवाल के परिवार को 'नजरबंद' करने का आरोप

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के एक दिन बाद शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक और पार्षद केजरीवाल के परिवार से मिलने सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर पहुंचे। आप विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा, ‘हम यहां मुख्यमंत्री के परिवार से मिलने आए हैं। उन्हें किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया है। किसी को नहीं पता कि वे किस हालत में हैं।’

आप विधायक, पार्षद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे

केजरीवाल के आवास के बाहर मौजूद लोगों में जरनैल सिंह और राज कुमार आनंद समेत आप विधायक और दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय भी शामिल थीं। आप नेताओं ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘नजरबंदी खत्म करो’ के नारे लगाए। आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को ईडी ने बृहस्पतिवार रात को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने केजरीवाल को अदालत में पेश किया और 10 दिन की उनकी हिरासत का अनुरोध किया।

केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आप का प्रदर्शन

केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया और इस दौरान ‘अरविंद तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे भी लगाए गए। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान दिल्ली की कैबिनेट मंत्री मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज और अन्य को हिरासत में लिया। प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।

AAP बोली- यह भाजपा की 'सबसे बड़ी राजनीतिक गलती'

आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक गलती साबित होगी। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा मुख्यालय की ओर मार्च करने से रोकने के लिए कई स्तरों पर अवरोधक लगाए गए और बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया। मध्य दिल्ली में राउज एवेन्यू मार्ग पर आप मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा रहा। कई प्रदर्शनकारी सुबह करीब साढ़े बजे भाजपा कार्यालय की ओर कूच करने के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर इकट्ठा हुए, जहां पुलिस ने उन्हें बसों बैठा लिया। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बल के जवानों भी तैनात किए गए हैं।

आप ने अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति का लगाया आरोप

पुलिस ने जब आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की कोशिशों की तो कई सड़क पर भी लेट गए। महिला पुलिसकर्मियों को महिला प्रदर्शनकारियों को घसीटते हुए देखा गया। इनमें से कई प्रदर्शनकारी केजरीवाल की तस्वीर लिये हुए थे। पुलिस के अनुसार अब तक 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है और मध्य दिल्ली से दूर स्थित विभिन्न पुलिस थानों में ले जाया गया है। आप ने कहा कि देश में ‘अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति’ पैदा हो गई है और भाजपा नेताओं को जेल भेजकर या उन्हें डरा-धमका कर अपने साथ शामिल कर विपक्षी दलों को खत्म करने की कोशिश कर रही है।

जैसे ही दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज और अन्य ने सुबह 11 बजे के आसपास भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, उन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर बस में बैठा लिया। पुलिस ने इस क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से जाने के लिए कहा। हिरासत में लेने की कोशिश के दौरान आप कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसी तरह जब महिला पुलिसकर्मियों ने आतिशी को रोकने की कोशिश की तो वह उनसे भिड़ गईं। पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए और नारे लगाने लगे। पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों ने उन्हें हटाने का प्रयास किया और नहीं हटने पर उन्हें हिरासत में ले लिया।

आतिशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘मुझे आईटीओ पर शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करते समय दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। पहले यह लोग दिल्ली के मुख्यमंत्री को झूठे मामले में गिरफ्तार करते हैं, फिर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को भी गिरफ्तार किया जा रहा है। यह लोकतंत्र की हत्या नहीं तो क्या है?’

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article