देश

आज AAP नेताओं के साथ BJP मुख्यालय कूच करेंगे केजरीवाल, PM Modi को दी गिरफ्तारी की चुनौती

Arvind Kejriwal News: अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर मनीष सिसौदिया, सत्येन्द्र जैन और संजय सिंह जैसे आप नेताओं को जेल भेजने का खेल खेलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मैं अपने सभी बड़े नेताओं, विधायकों और सांसदों के साथ आज दोपहर 12 बजे भाजपा मुख्यालय आ रहा हूं। जिसे भी जेल में डालना हो, एक ही बार में डाल दीजिए।

Image

आज AAP नेताओं के साथ BJP मुख्यालय कूच करेंगे केजरीवाल, PM Modi को दी गिरफ्तारी की चुनौती

Arvind Kejriwal News: स्वाति मालीवाल केस में निजी सचिव बिभव कुमार की गिरफ्तारी और 5 दिन की पुलिस हिरासत के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आर-पार के मूड में आ गए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं संग खुद की गिरफ्तारी देने का ऐलान कर दिया है। इसको लेकर अरविंद केजरीवाल आज अपने सभी विधायकों व सांसदों के साथ बीजेपी मुख्यालय तक कूच करेंगे।अरविंद केजरीवाल का कहना है कि पीएम मोदी को जिसे भी गिरफ्तार करना है कर ले।

दरअसल, दिल्ली पुलिस ने कल बिभव कुमार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने बयान जारी कर कहा था कि वह और अन्य आप नेता 19 मार्च को भाजपा मुख्यालय जाएंगे ताकि प्रधानमंत्री मोदी जिसे चाहें उसे जेल भेज सकें। बिभव कुमार की गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ही अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस वार्ता में दावा किया कि भाजपा कह रही है कि वह हाल ही में ब्रिटेन से लौटे आप सांसद राघव चड्ढा और दिल्ली के मंत्रियों आतिशी और सौरभ भारद्वाज को भी जेल भेजेंगे। उन्होंने कहा कि उनके नेताओं को जेल भेजकर उनकी पार्टी को कुचला नहीं जा सकता।

जेल का खेल न खेलें पीएम मोदी

अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर मनीष सिसौदिया, सत्येन्द्र जैन और संजय सिंह जैसे आप नेताओं को जेल भेजने का खेल खेलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मैं अपने सभी बड़े नेताओं, विधायकों और सांसदों के साथ आज दोपहर 12 बजे भाजपा मुख्यालय आ रहा हूं। जिसे भी जेल में डालना हो, एक ही बार में डाल दीजिए। उन्होंने कहा, आप सोचते हैं कि आप आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में डालकर उसे कुचल देंगे, आम आदमी पार्टी ऐसे कुचलने वाली नहीं है। आप एक बार कोशिश करिये और देखिए। केजरीवाल ने कहा कि आप एक विचार है जिसके तार देश भर के लोगों से जुड़े हैं। आम आदमी पार्टी के जितने नेताओं को आप जेल में डालेंगे उससे 100 गुना ज्यादा नेता यह देश पैदा करेगा।

1 जून तक अंतरिम जमानत पर हैं केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि आप की गलती यह थी कि दिल्ली में उसकी सरकार ने अच्छे स्कूल बनाए, मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए, मुफ्त इलाज मुहैया कराया और शहर में 24 घंटे मुफ्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की, जो भाजपा नहीं कर सकी। बता दें, कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किए गए केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए उच्चतम न्यायालय ने एक जून तक अंतरिम जमानत दे दी है। उन्हें आम चुनाव के आखिरी चरण के मतदान के एक दिन बाद दो जून को आत्मसमर्पण करना होगा और वापस जेल जाना होगा।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article