लखनऊ के बेहद चर्चित शिव शर्मा हत्याकांड में आरोपी श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। श्रद्धा के साथ उसकी बहन और ड्राइवर को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 को लखनऊ पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने नागपुर पुलिस के सहयोग से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद श्रद्धा दुबे का नागपुर में मेडिकल कराया जाएगा। इसके बाद टीम उसे विमान से लखनऊ लाने की तैयारी में है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जाएगा, जहां हत्याकांड के संबंध में आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस का दावा है कि श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के साथ लगातार बुर्का पहनकर यात्रा कर रही थी, ताकि पहचान से बच सके। एसटीएफ की टीम ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और नागपुर पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।
9 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी बयान के अनुसार, हजरतगंज थाने में 9 अक्टूबर 2026 को वादिनी रंजना शर्मा की लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा संख्या 216/2026 दर्ज किया गया था। यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत दर्ज किया गया, जो हत्या से संबंधित है।
इस मामले में श्रद्धा दुबे, चालक दानिश और रश्मि दुबे फरार चल रहे थे। पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अब संयुक्त टीम ने नागपुर में कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
लखनऊ लाकर आगे की पूछताछ
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लखनऊ लाया जा रहा है। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई अभी जारी है।
