देश

केजरीवाल ने खटखटाया अदालत का दरवाजा, जेल में इंसुलिन देने की मांग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 20, 2024, 02:16 PM IST

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी नेआरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल के बार-बार अनुरोध के बावजूद उन्हें इंसुलिन नहीं दिया जा रहा है और उनका शुगर लेवल बढ़ता जा रहा है।

Image

अरविंद केजरीवाल

Arvind Kejriwal News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में जेल में इंसुलिन उपलब्ध कराने के लिए याचिका दायर की है। आम आदमी पार्टी ने कहा कि अदालत दोपहर 2 बजे अरविंद केजरीवाल की याचिका पर सुनवाई करेगी। यह घटनाक्रम तब हुआ है जब दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार को जेल महानिदेशक से आप के आरोपों पर तथ्यात्मक रिपोर्ट देने को कहा जिसमें कहा गया है कि कि अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल में इंसुलिन नहीं दिया जा रहा है।

आतिशी ने लगाया बड़ा आरोप

उपराज्यपाल का यह आदेश दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी के आरोप के बाद आया है कि मुख्यमंत्री को जेल में घर का बना खाना और इंसुलिन न देकर मारने की साजिश रची जा रही है। हालांकि, जेल अधिकारियों ने आरोप खारिज कर दिया। बता दें कि केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने उत्पाद शुल्क नीति मामले में गिरफ्तार किया है।

राज निवास ने दी सफाई

राज निवास ने एक्स पर कहा, श्री वीके सक्सेना ने मंत्रियों और आप नेताओं के बयानों पर आधारित रिपोर्टों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है, जिसमें जेल में बंद माननीय मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल को इंसुलिन का प्रावधान न करने और उनके खिलाफ कथित साजिश का आरोप लगाया गया है। श्री सक्सेना ने डीजी जेल से 24 घंटे के भीतर मामले में एक तथ्यात्मक और व्यापक रिपोर्ट सौंपने को कहा है। एलजी ने आश्वासन दिया है कि सीएम के स्वास्थ्य के संबंध में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

बढ़ रहा केजरीवाल का ब्लड शुगर लेवल

एक संवाददाता सम्मेलन में आतिशी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के इंसुलिन के अनुरोध को तिहाड़ जेल प्रशासन ने अस्वीकार कर दिया है। उनके डॉक्टर के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस की व्यवस्था करने के प्रयासों को ईडी और जेल अधिकारियों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। आतिशी ने दावा किया कि पिछले कई दिनों से केजरीवाल का ब्लड शुगर लेवल लगातार 300 mg/dL से ऊपर बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के बार-बार अनुरोध के बावजूद उन्हें इंसुलिन नहीं दिया जा रहा है और उनका शुगर लेवल बढ़ता जा रहा है। उन्हें दवा नहीं दी जा रही है क्योंकि उन्हें मारने की साजिश हो रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article