Gujarat Election News: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal), पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) के साथ शनिवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर होंगे। केजरीवाल और मान शनिवार दोपहर दाहोद के नवजीवन कॉलेज परिसर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद वडोदरा में तिरंगा यात्रा (Tiranga Yatra) करेंगे। रविवार को दोनों मुख्यमंत्री वलसाड जिले के धर्मपुर और सूरत (Surat) के कडोदरा बैठक को संबोधित करेंगे। दोनों नेता सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे और आगामी चुनावों की योजनाओं के संबंध में राज्य के नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।
केजरीवाल का ट्वीट
अरविंद केजरीवाल पिछले काफी समय से गुजरात के कई दौरे कर चुके हैं। कई जगहों पर जनसभाएं भी कर चुके हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने दावा किया कि आईबी रिपोर्ट में आप गुजरात में सरकार बना रही है। गुजरात दौरे से पहले उन्होंने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, 'खबर है कि गुजरात के हर ज़िले में बीजेपी एक एक केंद्रीय मंत्री या किसी मुख्यमंत्री की ड्यूटी लगा रही है। बाप रे! इतना डर? ये डर आम आदमी पार्टी का नहीं है। ये डर गुजरात के लोगों का है जो बीजेपी से बहुत नाराज़ थे और अब तेज़ी से “आप” का दामन थाम रहे हैं।'
बीजेपी का पलटवार
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में शिक्षा क्षेत्र में हुए कार्यों को आप दर्शाती रही है। गुजरात में पिछले 27 साल से सत्ता में बरकरार भाजपा के खिलाफ आप खुद को मुख्य चुनौतीकर्ता के रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है। आरोप प्रत्यारोप के इस दौर के बीच गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने आम आदमी पार्टी (AAP) नेताओं पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए उन्हें राज्य के स्कूलों का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया। राज्य सरकार के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए ‘आप’ ने भाजपा नेताओं को दिल्ली के स्कूलों का दौरा करने के लिए आमंत्रित करके पलटवार किया।
