ESIC New Rules : राज्य कर्मचारी बीमा आयोग यानी ESIC के तहत हेल्थ इंश्योरेंस कवर में आने वाले देशभर के 4 करोड़ कर्मचारियों के लिए बड़ा बदलाव हुआ है। ESIC ने नए नियमों को 21 नवंबर को गजट नोटिफिकेशन के जरिये लागू कर दिया है।
इन नए नियमों के तहत अब बीमारी और मैटरनिटी के मामलों में कर्मचारी को मिलने कैश बेनिफिट के लिए अगल से क्लेम नहीं करना होगा। बल्कि, बिना क्लेम किए ही पैसा सीधे बैंक खाते में जमा हो जाएगा। अब तक कर्मचारियों को इसके लिए क्लेम करना पड़ता था। इसके अलावा नए नियमों के तहत काम के दौरान चोट लगने या दुर्घटना के मामलों में भी क्लेम की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है।
ESIC ने 20 नवंबर, 2026 को Employees’ State Insurance (General) Regulations, 2026 अधिसूचित किए हैं। ये नियम 21 नवंबर को भारत के राजपत्र में प्रकाशित हुए। नए नियमों ने 1950 से लागू पुराने ESIC General Regulations की जगह ली है। इनका मकसद सोशल सिक्योरिटी कोड, 2020 के तहत कर्मचारियों को मिलने वाले सामाजिक सुरक्षा लाभों की प्रक्रिया को आसान और डिजिटल बनाना है।
सबसे बड़ा बदलाव क्या हुआ?
नए नियमों के तहत सबसे बड़ा बदलाव डीम्ड क्लेम (Deemed Claim) की व्यवस्था है। इसके तहत बीमारी में छुट्टी लेने, या मैटरनिटी लीव लेन के साथ ही निर्धारित शर्तें पूरी होने पर क्लेम अपने आप दर्ज माना जाएगा। कर्मचारी को इसके लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और भुगतान सीधे बैंक खाते में किया जा सकेगा। हालांकि, इसके लिए तीन शर्तें पूरी करनी होंगी।
नए नियमों के मुताबिक, ESIC को पूरा क्लेम और जरूरी दस्तावेज मिलने के बाद बीमारी का लाभ सात दिनों के भीतर देना होगा. वहीं, मातृत्व लाभ की पहली किस्त का भुगतान 14 दिनों के भीतर करना होगा.
तीन शर्तें करनी होंगी पूरी
पहली शर्त, कर्मचारी का मेडिकल सर्टिफिकेट ESIC के इन्फॉर्मेशन सिस्टम के जरिए जारी होना चाहिए। दूसरा, कंपनी या नियोक्ता को ESIC पोर्टल पर हर महीने Form 8B रिटर्न जमा करना होगा। तीसरा, कर्मचारी का बैंक अकाउंट आधार से जुड़ा होना चाहिए और उसका ESIC इनश्योरेंस नंबर भी आधार से लिंक होना चाहिए।
कौन से कर्मचारी आते हैं ESIC के दायरे में?
देशभर में प्राइवेट कंपनियों, फैक्ट्रीज, कल-कारखानों में काम करने वाले वे कर्मचारी ESIC के दायरे में आते हैं, जिनकी सैलरी 21 हजार रुपये महीने से कम होती है।
चोट लगने पर भी आसान होगा क्लेम
नए नियमों के तहत काम के दौरान चोट लगने या दुर्घटना होने पर किए जाने वाले क्लेम की प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। पहले अस्थायी दिव्यांगता यानी टेम्पररी डिसेबिलिटी की स्थिति में कर्मचारियों को अलग से क्लेम करना पड़ता था। वहीं, स्थायी दिव्यांगता या दुर्घटना में मौत के मामले में परिवार के सदस्यों को लाभ की पहली किस्त के लिए आवेदन देना होता था।
लेकिन, अब ESIC अगर चोट को काम से मानता है, तो कंपनी की दी गई दुर्घटना रिपोर्ट ही क्लेम मानी जाएगी। उसके
आधार पर अस्थायी और स्थायी दिव्यांगता के लाभ कर्मचारी या उसके परिवार के नामित सदस्यों को दिए जाएंगे। यानी अब पहले की तरह क्लेम करने और ESIC की तरफ से क्लेम को पास किए जाने का इंतजार नहीं करना होगा।
मातृत्व लाभ के लिए बदली समय सीमा
नए नियमों के तहत मैटरनिटी यानी मातृत्व लाभ के लिए डिलीवरी की संभावित तारीख से पहले आवेदन की समय सीमा भी बढ़ा दी गई। पहले, डिलीवरी की संभावित तारीख से 50 दिन पहले तक मैटरनिटी लाभ के लिए आवेदन किया जा सकता था। लेकिन, अब इसे बढ़ाकर 56 दिन कर दिया है। इसके अलावा दो या उससे अधिक जीवित बच्चों वाली बीमित महिलाओं के लिए ये अवधि 42 दिन कर दी गई है।
कंपनी की गलती से कर्मचारी को नुकसान नहीं
नए नियमों में ये भी स्पष्ट किया गया है कि अगर कंपनी जरूरी रिटर्न या वेरिफिकेशन समय पर जमा नहीं करती है, तो सिर्फ इस वजह से कर्मचारी का लाभ रोका नहीं जा सकेगा. ऐसी स्थिति में ESIC को कंपनी से जरूरी जानकारी हासिल करेगा। अगर तकनीकी समस्या या बैंक खाते में दिक्कत के कारण DBT के जरिए भुगतान नहीं हो पाता है, तो दूसरे माध्यम से भुगतान किया जाएगा। हालांकि, इसके लिए भुगतान का तरीका बदलने की वजह दर्ज करनी होगी।
4 करोड़ कर्मचारियों और 15 करोड़ लाभार्थियों
ESIC के ये बदलाव सीधे तौर पर 4 करोड़ कर्मचारियों और कुल 15 करोड़ लाभार्थियों को कवर करेंगे। इसमें मेडिकल सुविधा पाने के पात्र परिवार के सदस्य भी शामिल होंगे। ESIC योजना के तहत कर्मचारियों को छह तरह के सोशल सिक्योरिटी बेनिफिट मिलते हैं। इनमें मेडिकल केयर, बीमारी, मातृत्व, दिव्यांगता, आश्रितों और बेरोजगारी से जुड़े लाभ शामिल हैं।
