Yogi ने नाम लिए बगैर Rahul को बताया एक्सीडेंटल हिंदू, बोले- ..राम-कृष्ण को नकारना उनकी प्रवृत्ति का हिस्सा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 19, 2021, 07:57 AM IST

Yogi on Rahul Gandhi: उत्तर प्रदेश के मुख्यंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में आपदा के समय एक पार्टी के लोग इटली भाग जाते हैं।

Yogi ने नाम लिए बगैर Rahul को बताया एक्सीडेंटल हिंदू, बोले- ..राम-कृष्ण को नकारना उनकी प्रवृत्ति का हिस्सा
Photo Credit: BCCL

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ ही नेताओं की जुबानी जंग भी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को नाम लिए बगैर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि 'देश में आपदा के समय एक पार्टी के लोग इटली भाग जाते हैं, देवी-देवताओं पर टिप्पणी करना, राम-कृष्ण को नकारना उनकी प्रवृत्ति का हिस्सा है, जो एक्सीडेंटल हिन्दू होगा तो यही होगा।'

अखिलेश पर साधा निशाना

यूपी की राजधानी लखनऊ में आयोजित भाजपा के बुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। योगी ने कहा, 'निर्दोष लोगों की संपत्ति एवं सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वालों का एक ही उपचार है -बुलडोजर।'' उन्होंने कहा कि पहले डीजीपी आवास के पास एक शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जा था, मैंने कहा कि इसका एक ही उपचार है- बुल्डोजर। कभी-कभी ज्यादा पंचायत न करके सीधे जवाब देने की जरूरत होती है।' योगी ने कहा, 'पिछली सरकार में हर तीसरे-चौथे दिन दंगा होता था, कर्फ्यू होता था। पर्व व त्योहार शांति से नहीं मनाए जा सकते थे। बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं थी।'

सैफई महोत्सव को लेकर सपा पर हमला

समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'सपा के मंत्री 6-6 महीने कार्यालय नहीं जाते थे, वह कृषि उत्पादन आयुक्त को पहचानते तक नहीं थे। पिछली सरकार में पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग बाढ़ में डूबे रहते थे, बच्चे एवं नागरिक इंसेफेलाइटिस और डेंगू की चपेट में आकर तड़पते थे। उस समय, जिम्मेदार लोग सैफई में फिल्मी हस्तियों के नृत्य का आनंद लेने में व्यस्त रहते थे। मुझे समझ में नहीं आता कि स्वार्थ में लोग राष्ट्र व समाज हित कैसे भूल जाते हैं।'

नहीं हुआ एक भी दंगा

पिछली सरकारों पर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ''उत्तर प्रदेश पहले दंगों का प्रदेश हुआ करता था, लोगों को कर्फ्यू का सामना करना पड़ता था, वे कोई भी त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से नहीं मना सकते थे । उत्तर प्रदेश की छवि ऐसी हो गई थी उत्तर प्रदेश का नौजवान कभी उत्तर प्रदेश के बाहर जाता था उसको लोग किस नजर से देखते थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद पिछले साढे चार वर्ष में एक भी दंगा उत्तर प्रदेश में नहीं हुआ है।''


 अयोध्या का दिया उदाहरण

अयोध्या का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा, 'मेरे सीएम बनने के बाद दीपावली आई तो अधिकारियों ने मुझसे भेंट की इच्छा जताई। मैंने अयोध्या में दिवाली कैसी होती है, इसके लिए टीम भेजी। अधिकारियों बोले कि अयोध्या जाएंगे तो बदनामी हो सकती है। मैंने कहा अयोध्या के लिए हम बदनामी भी सहने को तैयार है। अयोध्या की दीप दीपावली देश के लिए एक आयोजन बन गया है। 500 वर्षों से जमी बर्फ कैसे पिघल गई। वहां मंदिर की नींव ऐसी बन रही है कि 1000 वर्ष तक उनकी नींव नहीं हिलेगी। लोग व अधिकारी कहते थे कि राम मंदिर पर फैसला हो जाएगा तो ऐसा हो जाएगा, वैसा हो जाएगा। मैंने कहा कि देखना एक मच्छर भी नहीं मरेगा, मैं सब संभाल लूंगा और जब रामजन्म भूमि का फैसला आया तो उस दिन प्रदेश में राम राज्य था।'

End of Article