Weather Today, 08 July 2022: दिल्ली-NCR के लोगों शनिवार तक उमस से मिल सकती है राहत, जानिए कैसा रहेगा देश का मौसम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 8, 2022, 06:00 AM IST

Weather Forecast Today, 08 July 2022 (आज का मौसम) : भारतीय मौसम विभाग ने कहा दिल्ली एनसीआर के लोगों को शनिवार तक हल्की बारिश के साथ उमस भरे मौसम से राहत मिल सकती है।

Weather Today, 08 July 2022: दिल्ली-NCR के लोगों शनिवार तक उमस से मिल सकती है राहत, जानिए कैसा रहेगा देश का मौसम

Weather Forecast Today, 08 July 2022: भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को हल्की से थोड़ा अधिक बारिश हो सकती है जिससे तापमान कम होकर 33 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। हालांकि, शहर में मॉनसून ने 30 जून को जोरदार दस्तक दी थी लेकिन बाद के दिनों में कम बारिश होने से अधिकतम तापमान में क्रमिक वृद्धि हुई है। बारिश के लगातार गायब रहने के बीच गुरुवार को भी दिल्ली में उमस भरा मौसम रहा। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा।

स्काईमेट वैदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि ओडिशा में निम्नदबाव का क्षेत्र बना था और वह गुजरात पहुंचा था। उसने निम्न दबाव को मध्य भारत में खींचा था जिससे वहां भारी वर्षा हुई थी। उन्होंने कहा कि मौसम तंत्र अब दक्षिण पाकिस्तान चला गया है एवं वहां वह क्षीण होने लगा है। उनके अनुसार मानसूनी दबाव का पश्चिमी छोर फिर उत्तर की ओर जाएगा तथा मध्य पाकिस्तान में एक चक्रवातीय परिक्रमण बन रहा है, ऐसे में शनिवार एवं रविवार को पंजाब एवं हरियाणा में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञानी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उत्तर पश्चिम राजस्थान में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।

पिछले छह दिन में सफदरजंग वेधशाला में केवल 2.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। एक जून को मॉनसून के आगमन के बाद से सामान्य (106.5 मिलीमीटर) के मुकाबले 144.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसमें से 117.2 मिलीमीटर बारिश एक जुलाई को सुबह साढ़े आठ बजे खत्म हुए पिछले 24 घंटों में दर्ज की गई थी। मौसम विभाग ने पहले बुधवार के लिए मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था और बाद में इसे गुरुवार के लिए जारी किया गया। लेकिन बारिश दिल्ली से दूर ही रही। मौसम विभाग के अनुसार, 13 जुलाई तक आकाश में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है।

End of Article