देश

अमेरिका में सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से 17 बार हमला, वायोमिंग में आरोपी गिरफ्तार

अमेरिका के दक्षिणी वायोमिंग के बिटर क्रीक रेस्ट एरिया में एक सिख ट्रक चालक पर चाकू से 17 बार हमला किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के आरोपी एंड्रयू क्रिस बजैक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर प्रथम श्रेणी के हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है। घायल चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Image

अमेरिका के वायोमिंग में सिख ट्रक ड्राइवर पर जानलेवा हमला, हमलावर ने चाकू से किए 17 वार। istock

Photo : iStock

अमेरिका में दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ नफरत भरी बयानबाजी बढ़ने के बीच दक्षिणी वायोमिंग में एक विश्राम स्थल के शौचालय में एक सिख ट्रक चालक पर चाकू से कई वार किए गए।

स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, ट्रक चालक की पहचान ’सिंह’ के रूप में बताई गई है। उस पर रविवार तड़के दक्षिणी वायोमिंग के ’बिटर क्रीक रेस्ट एरिया’ में हमला किया गया। वह पेनसिल्वेनिया जाते समय वहां रुका था।

हमलावर ने 17 बार चाकू से किया वार

’काउबॉय स्टेट डेली’ के अनुसार, सिंह को हवाई मार्ग से कैस्पर स्थित वायोमिंग मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। ’द सैक्रामेंटो बी’ की खबर के अनुसार, हमलावर एंड्रयू क्रिस बजैक ने सिंह की बांहों, सीने और पसलियों के आसपास 17 बार चाकू से वार किया।

बजैक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास के प्रथम श्रेणी के आरोप लगाए गए हैं। वायोमिंग के कानून के तहत हत्या के प्रयास के प्रथम श्रेणी अपराधों को गंभीर माना जाता है और दोषी को उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।

परिवार ने घायल ट्रक चालक की मदद की

विश्राम स्थल पर मौजूद एक परिवार ने घायल ट्रक चालक की मदद की, उसके घावों का प्राथमिक उपचार किया और चिकित्सा सहायता के लिए संपर्क किया। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, विश्राम स्थल पर मौजूद एक परिवार ने तेज आवाज सुनी और एक व्यक्ति को इमारत से भागते देखा। परिवार ने उसके वाहन का कुछ दूर तक पीछा किया और उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी की तस्वीरें ले लीं।

राजा कृष्णमूर्ति ने की घटना की निंदा

भारतीय अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने सिख ट्रक चालक पर हमले को भयावह बताया। कृष्णमूर्ति ने कहा, ’’यह घटना ऐसे समय हुई है जब सिख और दक्षिण एशियाई अमेरिकियों को निशाना बनाकर नफरत की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल में (अमेरिका के राष्ट्रपति डोलान्ड) ट्रंप (के नेतृत्व वाले) प्रशासन के गृह सुरक्षा विभाग ने भी एक सिख ट्रक चालक का नस्लवादी चित्र पोस्ट किया था जिसमें उससे ’हमारी सड़कों से हटने’ को कहा गया था और ’खुद देश छोड़ने, वरना अंजाम भुगतने’ की धमकी दी गई थी।’’

’स्टॉप एएपीआई हेट’ संगठन के अनुसार, यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका में दक्षिण एशियाई लोगों को निशाना बनाकर नफरत भरी बयानबाजी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article