Weather Today, Jan 25: पंजाब-हरियाणा-यूपी में हल्की बारिश की संभावना, कई जगह छाया रहेगा कोहरा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 25, 2022, 05:30 AM IST

Weather Forecast Today, 25 January 2022 (आज का मौसम): देश के कई हिस्सों में ठंड और कोहरे का कहर बना रहेगा। कई जगह हल्की बारिश की भी संभावना है। यहां जानें आज कैसा रहेगा मौसम:

Weather Today, Jan 25: पंजाब-हरियाणा-यूपी में हल्की बारिश की संभावना, कई जगह छाया रहेगा कोहरा

Weather Forecast Today, 25 January 2022: आज पश्चिमी हिमालय पर हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात संभव है। वहीं पंजाब के उत्तरी भागों, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में छिटपुट हल्की बारिश संभव है। तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब और आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

'स्काईमेट वेदर' के अनुसार, उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। तेलंगाना के न्यूनतम तापमान में भी 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 जनवरी को बताया कि 2 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में शीत दिवस और घना कोहरा बना रहेगा। उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। अगले कुछ दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावत होने की संभावना है।

वहीं एक सप्ताह की बारिश और हिमपात के बाद, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सोमवार को मौसम में सुधार हुआ। मौसम विभाग ने महीने के अंत तक मौसम साफ होने की भविष्यवाणी की है। इसके अलावा दिल्ली के लोग तापमान में भारी गिरावट के कारण सोमवार को ठंड से कांपते रहे। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी का कहना है कि दिन ठंडा तब होता है, जब किसी क्षेत्र का न्यूनतम तापमान मैदानी इलाकों के लिए 10 डिग्री सेल्सियस से कम और पहाड़ी इलाकों के लिए 0 डिग्री सेल्सियस के बराबर या उससे कम होता है। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम होने पर 'कोल्ड डे' माना जाता है। दिन की शुरुआत सोमवार तड़के शहर में घने कोहरे की चादर के साथ हुई, जबकि कड़ाके की ठंड जारी रही।

End of Article