देश

महाराष्ट्र एफडीए ने पुणे में सिप्ला के वेयरहाउस का ड्रग लाइसेंस किया रद्द, कंपनी ने फैसले को बताया निराशाजनक

महाराष्ट्र एफडीए ने कथित पैकेजिंग, स्टोरेज और रिकॉर्ड संबंधी अनियमितताओं के चलते पुणे के वडकी स्थित सिप्ला वेयरहाउस का दवा बिक्री व वितरण लाइसेंस रद्द कर दिया।

Image

सिप्ला के वेयरहाउस में दवा बिक्री और वितरण लाइसेंस रद्द।

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पुणे के वडकी स्थित Cipla Pharma & Life Sciences के C&F वेयरहाउस के दवा बिक्री और वितरण लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। FDA ने यह कार्रवाई दवाओं की पैकेजिंग, स्टोरेज और रिकॉर्ड-कीपिंग में कथित अनियमितताओं को लेकर की है।

एफडीए के अनुसार, कार्रवाई बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद नए सिरे से पूरी प्रक्रिया के तहत की गई। 4 सितंबर को कंपनी को संशोधित कारण बताओ नोटिस दिया गया, जिसके जवाब में Cipla ने 11 सितंबर को अपना पक्ष रखा और 21 सितंबर को व्यक्तिगत सुनवाई हुई।

मामले में Reactin Plus Tablets की पैकेजिंग प्रमुख मुद्दा रही। एफडीए ने आरोप लगाया कि Schedule H दवा की पैकेजिंग पर दर्द निवारक के तौर पर इस्तेमाल से जुड़े ऐसे दावे और चित्र थे, जो नियमों के अनुरूप नहीं थे। इसे ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मिसब्रांडिंग माना गया। इसके अलावा एफडीए ने दवाओं को सीधे फर्श पर रखने, स्टॉक पर धूल, एक्सपायर्ड दवाओं के लिए अलग क्षेत्र और जरूरी रिकॉर्ड नहीं होने जैसी कमियां भी बताईं। कंप्यूटर/SAP रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भी विसंगतियां मिलने की बात कही गई।

FDA कमिश्नर ने क्या कहा?

इस कार्रवाई को लेकर एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने कहा कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि दवाओं की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा पूरी दवा सप्लाई चेन में कानूनी अनुपालन बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि नई कार्यवाही बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए की गई और इसमें प्राकृतिक न्याय,पारदर्शिता, सुनवाई का अवसर तथा कारणयुक्त निर्णय के सिद्धांतों का पालन किया गया।

Cipla ने फैसले पर जताई निराशा

वहीं, Cipla ने भी इसे लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कंपनी ने FDA के फैसले को ‘निराशाजनक’ बताया और कहा कि उसका पुणे C&FA वेयरहाउस वितरण और स्टोरेज प्रोटोकॉल के साथ-साथ डिजिटल रिकॉर्ड-कीपिंग मानकों का पालन करता है।

कंपनी ने कहा कि वह FDA के आदेश की समीक्षा कर रही है और आगे उपलब्ध विकल्पों पर विचार कर रही है। Cipla ने यह भी कहा कि वह मरीजों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाली दवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article