एसआईआर प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर सीईसी ज्ञानेश कुमार इस समय बेहद बुरी तरह घिरे हुए हैं। आज राजधानी दिल्ली से लेकर मुंबई और अन्य शहरों में विपक्षी दलों खासकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी भी हुई। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने अल्टीमेटम दे दिया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में साफ कहा कि ज्ञानेश कुमार के पास 10 अक्टूबर तक का समय है, अगर वह तब तक इस्तीफा नहीं देते तो 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
इससे पहले, मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा जेल भरो आंदोलन किया गया। प्रदर्शन के दौरान अभीजीत दीपके ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए ‘जंतर-मंतर 2.0’ का ऐलान किया था। बाद में सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि देशभर से ‘कॉकरोच’ दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।
दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि देशभर से ‘कॉकरोच’ दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर जाने से रोकती है तो जहां उन्हें रोका जाएगा,वहीं प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आंदोलन को शांतिपूर्ण बताते हुए महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चलने की बात कही।
